राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 के लिए परीक्षा केंद्र का निरीक्षणआज से 12 सितंबर तक होगी परीक्षा, 50 परीक्षार्थी होंगे शामिल

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 के लिए परीक्षा केंद्र का निरीक्षण
आज से 12 सितंबर तक होगी परीक्षा, 50 परीक्षार्थी होंगे शामिल

छिंदवाड़ा, । मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक सत्र में किया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, छिंदवाड़ा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां 50 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आयोग द्वारा नियुक्त संभागीय पर्यवेक्षक एवं उच्च न्यायिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री एन.सी. नागराज ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री रमेश कुमार मेहरा तथा केंद्राध्यक्ष एवं प्राचार्य श्रीमती अस्मिता मुंजे उपस्थित रहीं। निरीक्षण के दौरान परीक्षा को आयोग के निर्देशानुसार सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं प्रतिबंधित सामग्री पर रोक

परीक्षा केंद्र में मोबाइल, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पठन सामग्री एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग को रोकने के लिए परीक्षार्थियों को जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थी चप्पल या सैंडल पहनकर केंद्र पर आ सकेंगे। चेहरे को ढककर परीक्षा कक्ष में प्रवेश भी वर्जित रहेगा।

परीक्षार्थियों के लिए घड़ी, क्लचर/बकल, हाथ में पहने जाने वाले बैंड, बेल्ट, धूप का चश्मा, पर्स/वॉलेट और टोपी सहित विभिन्न एसेसरीज प्रतिबंधित हैं। आभूषण, धागे, कलावा एवं रक्षा सूत्र आदि की भी जांच की जाएगी। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले वीक्षकों द्वारा परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाएगी।

90 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य

परीक्षा को निर्विघ्न एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, सर्विलेंस, बायोमेट्रिक, फ्रिस्किंग एवं वीओआईपी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। नवीन प्रक्रिया के तहत सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के 90 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default