4 सितंबर को प्रदर्शित होंगी ट्रेडवार रिक्त सीटें, 5 से 7 सितंबर तक पंजीयन और चॉइस फिलिंग की सुविधा
छिंदवाड़ा। शासकीय ग्रीन आईटीआई छिंदवाड़ा के प्राचार्य शुभम निमजे ने बताया कि आईटीआई प्रवेश सत्र 2026 के अंतर्गत ‘पहले आओ, पहले पाओ’ राउंड में रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड, भोपाल द्वारा प्रवेश सत्र 2026 के लिए इस राउंड की समय-सारणी जारी कर दी गई है।
इसके तहत जिले की सभी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में विभिन्न व्यवसायिक ट्रेडों की रिक्त सीटों पर सीधे प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 सितंबर 2026 को जिले की सभी शासकीय आईटीआई में ट्रेडवार रिक्त सीटों की जानकारी प्रवेश पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी।
इसके बाद 5 से 7 सितंबर 2026 तक अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पोर्टल पर नवीन पंजीयन, चॉइस फिलिंग और त्रुटि सुधार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थी अपनी पसंद के अनुसार जिले की किसी भी शासकीय आईटीआई में उपलब्ध रिक्त सीटों में से ट्रेड का चयन कर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे।
अभ्यर्थी समय-सीमा में करें आवेदन
आईटीआई प्रबंधन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में प्रवेश पोर्टल पर अपना पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी करें और उपलब्ध रिक्त सीटों का लाभ उठाएं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी एवं रिक्त सीटों का विवरण पोर्टल पर निर्धारित समय-सारणी के अनुसार देखा जा सकेगा।
