220 से 1200 केवी क्षमता के पॉवर ट्रांसफॉर्मर होंगे निर्मित, 2000 से अधिक रोजगार के अवसर होंगे सृजित
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 सितंबर को सीहोर में सीजी (क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स) पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पॉवर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई के प्रथम ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का शुभारंभ करेंगे। करीब 50 एकड़ क्षेत्र में स्थापित यह इकाई एक ही स्थान पर स्थित भारत की सबसे बड़ी पॉवर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अगस्त 2025 में इस संयंत्र का भूमि-पूजन किया था और करीब 13 से 14 माह में ही यहां उत्पादन प्रारंभ हो गया है।
सीहोर में स्थापित यह अत्याधुनिक इकाई देश में बढ़ती विद्युत जरूरतों को पूरा करने तथा उच्च क्षमता वाले पॉवर ट्रांसफॉर्मर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यहां 220 केवी से लेकर 1200 केवी श्रेणी के पॉवर ट्रांसफॉर्मर तैयार किए जाएंगे। इकाई की उत्पादन क्षमता प्रतिमाह करीब 35 पॉवर ट्रांसफॉर्मर बनाने की होगी। एक ही स्थान पर इतनी बड़ी क्षमता वाली इकाई स्थापित होने से देश में उच्च वोल्टेज ट्रांसमिशन उपकरणों के विनिर्माण को मजबूती मिलेगी।
देश के साथ वैश्विक बाजार में पहुंचेगा उत्पादन
सीहोर में निर्मित उच्च क्षमता वाले पॉवर ट्रांसफॉर्मर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ वैश्विक बाजारों तक भी पहुंचेंगे। इन ट्रांसफॉर्मरों का उपयोग विद्युत क्षेत्र के अलावा डेटा सेंटर, रेलवे, नवकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस तथा ट्रांसमिशन अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं में किया जाएगा।
2000 से अधिक रोजगार के अवसर
सीजी पॉवर की इस नई इकाई से सीहोर में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। यह इकाई मध्यप्रदेश में उच्च तकनीक आधारित विनिर्माण और औद्योगिक निवेश को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
