सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा के प्रति आभार : मुख्यमंत्री
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में होंगे विभिन्न आयोजन, 58 लाख आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर को उज्जैन स्थित महाकाल महालोक सहित प्रदेशभर में 58 लाख आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। यह आयोजन प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के प्रति प्रदेशवासियों के आभार का प्रकटीकरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के अपने कार्यकाल में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उनकी सेवा यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी। इसी भावना के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा को राजनीतिक संस्कार बनाने के संकल्प के रूप में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
गरीब कल्याण और विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण को शासन की प्राथमिकता बनाया गया। आवास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और पेयजल सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया। स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी विभिन्न योजनाएं एवं पहल संचालित की जा रही हैं। ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी देश आगे बढ़ रहा है।
विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश में युवाओं को रोजगार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों और सिंचाई क्षमता के विस्तार का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश, अधोसंरचना, विमानन, सिंचाई, मेट्रोपॉलिटिन क्षेत्र और नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। केन-बेतवा लिंक तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजनाओं को भी प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को विकसित कर उन्हें भारत की सभ्यता और संस्कृति के जीवंत केंद्रों के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार विकसित भारत के साथ विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
