मानव अधिकार आयोग के 32वें स्थापना दिवस का मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
जनजातीय मानव अधिकारों के संरक्षण और शासकीय योजनाओं की पहुंच पर होगा मंथन
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को भोपाल स्थित आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के 32वें स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि अध्यक्षता आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह करेंगे।
समारोह में ‘अनुसूचित जनजाति वर्ग के मानव अधिकारों का संरक्षण एवं शासकीय योजनाओं की उन तक पहुंच’ विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान जनजातीय कार्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी जाएगी।
कार्यक्रम में मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत साधना सप्ताह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अन्य अतिथियों द्वारा मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग की ओर से प्रकाशित विषय आधारित स्मारिका और डायरी का विमोचन भी किया जाएगा। स्मारिका में जनजातीय वर्ग के मानव अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा शासकीय योजनाओं की पहुंच से संबंधित आलेख एवं जानकारी शामिल है।
समारोह में म.प्र. राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा, आयुक्त तरुण राठी सहित मानव अधिकार आयोग एवं जनजातीय कार्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और जनजातीय वर्ग के विद्यार्थी शामिल होंगे।
