रामजी महाजन की 27वीं पुण्यतिथि पर 77 समाजसेवियों का सम्मान

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

रामजी महाजन की 27वीं पुण्यतिथि पर 77 समाजसेवियों का सम्मान

भोपाल। संयुक्त माली सैनी मरार समाज भोपाल द्वारा शनिवार, 12 सितंबर 2026 को युगपुरुष रामजी महाजन की 27वीं पुण्यतिथि के अवसर पर प्रदेश स्तरीय पिछड़ा वर्ग सम्मान दिवस समारोह का आयोजन महात्मा फुले भवन, अरेरा कॉलोनी, भोपाल में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 77 समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, शिक्षक एवं वैज्ञानिक शामिल रहे।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, भोपाल महापौर मालती राय, दक्षिण-पश्चिम भोपाल विधायक भगवान दास सबनानी, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल ग्रामीण की अध्यक्ष अनोखी पटेल सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष एवं पूर्व अपर कलेक्टर जीपी माली ने की। उन्होंने सामाजिक एकजुटता बनाए रखने तथा रामजी महाजन के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश स्तरीय द्वितीय महिला सम्मेलन भोपाल में आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा, जिसे समाजजनों के समक्ष रखा गया।

समाज के महासचिव रामनारायण चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महात्मा फुले की जयंती के माध्यम से उनके विचारों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए गठित 126 सदस्यीय समिति की सराहना की। वहीं, कार्यक्रम के संयोजक एवं छिंदवाड़ा से महात्मा फुले शिक्षण समिति के संयोजक राजेश दोडके ने महात्मा फुले एवं सावित्रीबाई फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार द्वारा रामजी महाजन पुरस्कार पुनः प्रारंभ करने की मांग रखी। उन्होंने पूर्व में संचालित फुले दंपती के नाम से पुरस्कार को पुनः शुरू करने के संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करने की बात कही।

समारोह में छिंदवाड़ा क्षेत्र से अशोक अंबाडकर, सौसर से राजू बन्नाइत, पांढुर्णा से अशोक निकाजू तथा प्रभात पट्टन, बैतूल से बाबुराव बनकर को रामजी महाजन राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा मासिक महात्मा फुले दर्शन पत्रिका के विशेषांक का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में समाज द्वारा प्रदेश स्तरीय द्वितीय महिला सम्मेलन शीघ्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संचालन राजेंद्र अंबाडकर एवं घनश्याम राहुल ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default