11 गांवों के 860 घरेलू, 60 गैर-घरेलू और 20 औद्योगिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ, 750 कृषि उपभोक्ताओं को भी बेहतर वोल्टेज की सुविधा
जुन्नारदेव/छिन्दवाड़ा। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के छिंदवाड़ा वृत्त अंतर्गत जुन्नारदेव संभाग के विद्युत वितरण केंद्र नवेगांव क्षेत्र में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र चोरडोंगरी का निर्माण कार्य पूर्ण कर उसे सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया गया है। नवीन उपकेंद्र का निर्माण मध्यप्रदेश शासन की आरडीएसएस योजना के तहत लगभग 2.72 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
नवीन उपकेंद्र से चोरडोंगरी, सूखाढाना, बेड़ाढाना, धाकरवाड़ी, सिमरिया सागर, निमोटी, नागदेव और मंडला सहित कुल 11 ग्रामों को विद्युत आपूर्ति से जोड़ा गया है। इससे पहले इन गांवों में दूरस्थ विद्युत उपकेंद्रों से बिजली की आपूर्ति की जाती थी। अधिक दूरी के कारण क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी। नए उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में सुधार हुआ है तथा उपभोक्ताओं को वोल्टेज संबंधी समस्याओं से राहत मिली है।
860 घरेलू और 750 कृषि उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने से संबंधित 11 गांवों एवं आसपास के क्षेत्रों के लगभग 860 घरेलू, 60 गैर-घरेलू और 20 औद्योगिक उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध हो गई है। वहीं रबी फसल के दौरान क्षेत्र के लगभग 750 कृषि उपभोक्ताओं को कृषि कार्य के लिए बेहतर वोल्टेज और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी।
जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी
नवीन विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। ग्राम पंचायत चोरडोंगरी की सरपंच अनीता, ग्राम पंचायत धाकरवाड़ी की सरपंच सुनीता उईके तथा सिमरिया सागर के जनप्रतिनिधि केदार यदुवंशी ने कहा कि बेहतर बिजली आपूर्ति से किसानों को रबी फसल की सिंचाई, विद्यार्थियों की पढ़ाई तथा छोटे उद्योगों को लाभ मिलेगा। लाभान्वित ग्रामीणों ने भी गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति मिलने पर विद्युत विभाग के इस कार्य की सराहना की है।
