कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के दिए निर्देश
छिन्दवाड़ा । कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने कम एएनसी रजिस्ट्रेशन वाले विकासखंडों में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीएमओ को सीवियर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी करते हुए उनका तत्काल उपचार सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही टीकाकरण सत्रों का शत-प्रतिशत आयोजन सुनिश्चित करने और बीएमओ को फोकल प्वाइंट का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
दस्तक अभियान की कम प्रगति पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान दस्तक अभियान की प्रगति कम पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से एचबीएनसी (होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर) गतिविधियों को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने टीकाकरण कार्यक्रम, सिकल सेल एनीमिया, आरबीएसके, क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, 100 दिवसीय निक्षय शिविर, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), एसएनसीयू और एनसीडी कार्यक्रम सहित अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कम उपलब्धि वाले विकासखंडों में विशेष निगरानी एवं नियमित समीक्षा करते हुए कार्य में शीघ्र सुधार करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास, सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पुष्पारानी सिंह, जिला क्षय अधिकारी, एसएनसीयू नोडल अधिकारी डॉ. अंशु लांबा, डीपीएम शैलेन्द्र सोमकुवर, डीसीएम मनोज राय सहित विभिन्न कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंडों से खंड चिकित्सा अधिकारी, बीईई, बीपीएम, बीसीएम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं सीडीपीओ भी बैठक में शामिल हुए।
