अन्नदाताओं को दी जा रही हैं आवश्यक सुविधाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअल रूप से जुड़े मुख्यमंत्री, प्रगतिशील किसानों से किया संवाद
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसान अपनी मेहनत से अन्न का उत्पादन कर पूरे समाज का भरण-पोषण करते हैं। अन्नदाता किसानों की समस्याओं के समाधान और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नई दिल्ली प्रवास के दौरान छतरपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से वर्चुअल रूप से जुड़े और किसानों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड वीरता, परंपरा और प्राकृतिक संपदा की भूमि है। क्षेत्र में कृषि के साथ पिपरमेंट, फल-सब्जी और अन्य फसलों का उत्पादन भी किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई केन-बेतवा लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे बुंदेलखंड के किसानों को सिंचाई की सुविधा का बड़ा लाभ मिलेगा। सिंचाई का विस्तार होने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने किसानों से सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च कम करने और सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने की अपील भी की।
किसानों ने बताए कृषि नवाचार
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छतरपुर जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद किया। किसान सलीम खान ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती, औषधीय फसलों और अन्य किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करने की जानकारी दी।
बिजावर के किसान सौरभ भटनागर ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के साथ फल-सब्जी उत्पादन तथा मुर्गी, मछली और बतख पालन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। ग्राम सलैया की कृषक हब्बीबाई ने कोदो, कुटकी, रागी, बाजरा, ज्वार सहित लघु धान्य फसलों के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी दी।
ग्राम हतना के किसान अनिल यादव ने कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्र किराये पर उपलब्ध कराने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर सहित छह कृषि यंत्रों के माध्यम से पिछले वर्ष करीब 5.50 लाख रुपये का लाभ प्राप्त हुआ। किसान तुलसा कुशवाहा ने भी जैविक एवं प्राकृतिक खेती के साथ फसल-सब्जी उत्पादन और पशुपालन संबंधी गतिविधियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
प्रगतिशील किसान और मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों ने जिले के 10 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले कृषक परिवारों के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
कृषि तकनीक और योजनाओं की दी जानकारी
बलराम कृषि महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने किसानों को रबी फसलों की उन्नत किस्मों, आधुनिक कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी। किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन एवं कृषि आय बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। इनमें उन्नत बीज, कृषि यंत्र, उर्वरक, ई-विकास के माध्यम से उर्वरक वितरण तथा कृषि उपयोगी सामग्री एवं तकनीकों की जानकारी किसानों को दी गई।
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, अपेक्स बैंक प्रशासक डॉ. महेंद्र सिंह यादव, सहकारिता प्रशासक के.पी. सिंह, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
