पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर लिखे दो अहम पत्रपूर्व में ठहरने वाली 8 ट्रेनों के पुनः स्टॉपेज सहित नई ट्रेनों के ठहराव की मांग, रिजर्वेशन व पार्सल काउंटर शुरू करने का भी आग्रह

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर लिखे दो अहम पत्र

पूर्व में ठहरने वाली 8 ट्रेनों के पुनः स्टॉपेज सहित नई ट्रेनों के ठहराव की मांग, रिजर्वेशन व पार्सल काउंटर शुरू करने का भी आग्रह

छिन्दवाड़ा। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव को लेकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एवं नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को दो अलग-अलग पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।

अपने अर्द्धशासकीय पत्र क्रमांक 318 में कमलनाथ ने बताया कि लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पांढुर्ना जिले का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। लोधीखेड़ा नगर सहित आसपास के करीब 20 ग्रामों की बड़ी आबादी आवागमन के लिए इसी स्टेशन पर निर्भर है। स्टेशन से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर औद्योगिक क्षेत्र भी स्थित है, जहां बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। इनमें मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र, बिहार, उत्तरप्रदेश, ओडिशा एवं अन्य राज्यों से आए श्रमिक और कर्मचारी कार्यरत हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता एवं व्यापारियों द्वारा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा ट्रेनों के ठहराव की मांग लगातार की जा रही है। पूर्व में लोधीखेड़ा स्टेशन पर 8 ट्रेनों के ठहराव की सुविधा थी, लेकिन वर्तमान में केवल 4 यात्री ट्रेनों का ठहराव है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कमलनाथ ने इटारसी-रीवा एक्सप्रेस, रीवा-इटारसी एक्सप्रेस, नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस एवं शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस सहित अन्य आवश्यक यात्री ट्रेनों को लोधीखेड़ा स्टेशन पर कम से कम दो मिनट का ठहराव देने का आग्रह किया है।

रिजर्वेशन और पार्सल काउंटर की भी मांग

पत्र में लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन काउंटर एवं पार्सल कार्यालय प्रारंभ करने की मांग भी की गई है। औद्योगिक क्षेत्र और स्थानीय व्यापारियों की जरूरतों को देखते हुए इन सुविधाओं को महत्वपूर्ण बताया गया है।

इसके अलावा स्टेशन के प्लेटफार्म के विस्तार तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाने का भी आग्रह किया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया कि स्टेशन के दोनों ओर पर्याप्त खुली भूमि उपलब्ध होने के कारण प्लेटफार्म विस्तार की संभावनाएं मौजूद हैं।

कमलनाथ ने कहा कि क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में लोधीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर रेल सुविधाओं का विस्तार न केवल आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों, पर्यटन और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय बिलासपुर के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश तथा नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता से आग्रह किया कि लोधीखेड़ा स्टेशन पर प्रस्तावित ट्रेनों के ठहराव, रिजर्वेशन एवं पार्सल काउंटर शुरू करने, प्लेटफार्म विस्तार तथा अन्य यात्री सुविधाओं के विकास के संबंध में सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default