पीजी कॉलेज में बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र, लक्ष्य, समय प्रबंधन और नेतृत्व क्षमता पर किया मार्गदर्शन
छिंदवाड़ा, । मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, छिंदवाड़ा द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय पीजी महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में प्रेरक व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब इंदौर से आए ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं रोटेरियन सुधींद्र मोहन शर्मा ने विद्यार्थियों को सफलता, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के विभिन्न सूत्र बताए।
श्री शर्मा ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उस पर एकाग्रचित्त होकर निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया।
छोटी आदतों से बचाया जा सकता है लाखों लीटर पानी
जल प्रबंधन पर चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि जागरूकता और बेहतर वॉटर मैनेजमेंट के माध्यम से पानी के बड़े पैमाने पर होने वाले दुरुपयोग को रोका जा सकता है। दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर लाखों लीटर पानी बचाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
ग्राम विकास में जनभागीदारी जरूरी
समाज कार्य के विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों में किए जाने वाले पीआरए (Participatory Rural Appraisal) की उपयोगिता एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि ग्राम विकास की योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने फिल्म लगान का उदाहरण देते हुए टीम भावना, समावेशी नेतृत्व और सामुदायिक सहभागिता के महत्व को सरल तरीके से समझाया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने परिषद द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी दी। रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन विनीत पटौदी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सुधींद्र मोहन शर्मा का मार्गदर्शन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता निर्माण में उपयोगी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन विनोद तिवारी, सचिव जयेश गुप्ता, अमित मक्कड़, जन अभियान परिषद की परामर्शदाता लता नागले, तृप्ति सिंह, आशीष साहू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन विनोद तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन लता नागले ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री एवं पाठ्यक्रम संबंधी पुस्तकें भी वितरित की गईं।
