डॉ. अम्बेडकर चिकित्सा सहायता योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
छिंदवाड़ा। डॉ. अम्बेडकर फाउंडेशन, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा संचालित “डॉ. अम्बेडकर चिकित्सा सहायता योजना-2026” के तहत अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय के गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से पीड़ित पात्र मरीजों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
योजना के अंतर्गत अंग प्रत्यारोपण, रीढ़ की सर्जरी, गुर्दा रोग, कैंसर, मस्तिष्क संबंधी रोग सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए पात्र हितग्राही की वार्षिक पारिवारिक आय 5 लाख रुपये से कम होना आवश्यक है।
योजना का अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने, प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सत्येन्द्र मरकाम को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
नोडल अधिकारी श्री मरकाम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, छिंदवाड़ा के साथ समन्वय स्थापित कर योजना के प्रभावी संचालन एवं क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेंगे। साथ ही पात्र एससी एवं एसटी समुदाय के जरूरतमंद मरीजों तक योजना की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करेंगे।
