शांतिपूर्ण विसर्जन के साथ शराब और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के निर्देश
जुन्नारदेव। आगामी गणेश उत्सव को लेकर जुन्नारदेव थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओपी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के गणेश पंडाल समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, पंडालों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा गणेश प्रतिमाओं के शांतिपूर्ण विसर्जन को लेकर चर्चा की गई। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने समिति सदस्यों से नियमों का पालन करते हुए आपसी भाईचारे के साथ उत्सव मनाने की अपील की।
एसडीओपी ने सागर में हुई घटना का दिया संदर्भ
बैठक के दौरान एसडीओपी ने हाल ही में सागर में हुई शराब से जुड़ी घटना का संदर्भ देते हुए कहा कि जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र में भी शराब एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा अभियान चलाकर ढाबों सहित अन्य स्थानों पर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने गणेश उत्सव के दौरान सभी समितियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के गणेश पंडाल समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
