केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड में आएगी खुशहाली : मुख्यमंत्री डॉ. यादवबलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री ने किसानों से किया संवाद, प्राकृतिक खेती और उद्यानिकी अपनाने की अपील

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड में आएगी खुशहाली : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री ने किसानों से किया संवाद, प्राकृतिक खेती और उद्यानिकी अपनाने की अपील

भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना सहित बुंदेलखंड क्षेत्र में संचालित बड़ी परियोजनाओं से क्षेत्र में खुशहाली आएगी और किसानों के जीवन स्तर में बदलाव होगा। प्रदेश सरकार किसान हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को पन्ना में आयोजित प्रदेश के 28वें बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए और किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि पन्ना ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। पन्ना नेशनल पार्क में बाघ पुनर्स्थापना के प्रयासों से बाघों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना क्षेत्र में पवई बांध, मझगांय और रुंझ सहित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं से किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने किसानों से उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि पशुपालन, डेयरी सहित अन्य गतिविधियों को अतिरिक्त आय के साधन के रूप में अपनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से एक माह तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क रजिस्ट्री सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। भविष्य में इस सुविधा का विस्तार नगरीय क्षेत्रों तक भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने किसानों से किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी भी ली।

प्रगतिशील किसानों से किया संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पन्ना जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। शाहपुर खुर्द की महिला किसान कविता रानी ने बताया कि वह वर्ष 2019 से प्राकृतिक खेती कर रही हैं और छह गांवों के किसानों को उन्नत एवं कम लागत वाली खेती के लिए प्रशिक्षण दे रही हैं।

धामी मोहल्ला निवासी राजकमल शर्मा ने कृषि क्षेत्र में शुरू किए गए स्टार्टअप की जानकारी दी। जरूआपुर के किसान सुब्रत मलिक ने उद्यानिकी खेती से आय बढ़ाने के अनुभव साझा किए। वहीं पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र के हितग्राही नत्थू प्रसाद यादव ने मुर्रा भैंस के माध्यम से डेयरी व्यवसाय से जुड़ी जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों का सर्वे कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की। इस दौरान अतिवर्षा से फसलों को हुए नुकसान का विषय भी सामने आया। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर को प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे कराने और किसानों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, नवाचार और विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।

उत्कृष्ट किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम स्थल पर किसान कल्याण एवं कृषि विकास, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, ग्रामीण आजीविका मिशन और कृषि अभियांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्नत कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, किसान संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default