सिवनी। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के मार्गदर्शन में ‘विद्यार्थियों के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार’ अभियान के तहत विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) में सिवनी जिले ने अगस्त माह में 21.5 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि पर यूआईडीएआई, मध्यप्रदेश के निदेशक ने कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना को पत्र भेजकर बधाई एवं प्रशंसा व्यक्त की है। उन्होंने जिले की पूरी टीम, विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (डीईजीएस) के प्रयासों की सराहना की।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने इस उपलब्धि का श्रेय संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों को देते हुए सभी की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर सहज रूप से आधार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए गए प्रयासों का यह सकारात्मक परिणाम है।
कलेक्टर ने शेष विद्यार्थियों के आधार अपडेट का कार्य भी प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
