सौंसर। श्री सेन (नाव्ही) समाज संगठन सौंसर के तत्वावधान में श्रीसंत सेना जी महाराज की पुण्यतिथि महोत्सव का आयोजन किया गया। दो दिवसीय महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान दिंडी यात्रा एवं सेना महाराज की पालखी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि श्रीसंत सेना जी महाराज ने समाज और समूचे विश्व के कल्याण के लिए कार्य किया। उनके विचारों एवं संदेश का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार और विस्तार होना चाहिए।
समाज अध्यक्ष ज्ञानेश्वर अनेराव द्वारा रखी गई मांग पर सांसद श्री साहू ने समाज को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन भवन एवं मंदिर निर्माण के लिए सांसद निधि से नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
समाज के वरिष्ठ सागर बंदेवार ने बताया कि श्रीसंत सेना जी महाराज की दो दिवसीय पुण्यतिथि महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में समाज के संरक्षक संजय चावके, विनोद बोरकर, उपाध्यक्ष मुरलीधर साखरकर, सचिव गणेश चावके, कोषाध्यक्ष दिलीप लाडेकर, मनोनीत पार्षद माया बंदेवार, दिनेश बंदेवार सहित कीर्तनकार एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
