डेंगू नियंत्रण के लिए पंचशील कॉलोनी में जागरूकता एवं औषधि वितरण शिविर
छिंदवाड़ा। डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-41 स्थित पंचशील कॉलोनी, साउथ सिविल लाइन में जागरूकता एवं होम्योपैथिक औषधि वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला यावतकर के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 एवं 2 में लगाया गया।
शासकीय होम्योपैथी औषधालय छिंदवाड़ा की चिकित्सा अधिकारी डॉ. कविता मसराम ने नागरिकों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी तथा होम्योपैथिक औषधि यूपीटोरियम-200 का वितरण किया। डेंगू से प्रभावित मरीजों एवं उनके परिवारजनों को भी आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया और संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए चिकित्सकीय सलाह के अनुसार सावधानी बरतने की अपील की गई।
शिविर में घरों में रखे पानी के कंटेनर, कूलर, फ्रिज ट्रे, टांके, टंकियां और अनुपयोगी टायरों की नियमित जांच एवं सफाई करने की सलाह दी गई। नागरिकों से जल संग्रहण वाले पात्रों की साप्ताहिक सफाई रखने तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई।
इस दौरान लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए मच्छरदानी का उपयोग करने तथा आसपास साफ-सफाई रखने की जानकारी दी गई। तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द या रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।
औषधि वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम में धीरेंद्र तिवारी, कविता उईके सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। अधिकारियों ने नागरिकों से डेंगू की रोकथाम के लिए स्वच्छता और जनसहभागिता को प्राथमिकता देने की अपील की।
