मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान : कलेक्टर ने शासकीय उमावि अतरवाड़ा का किया निरीक्षण
विद्यार्थियों से संविधान, मौलिक अधिकार, भाषा ज्ञान और करियर को लेकर किया संवाद
हिंदी-अंग्रेजी के समाचार पत्र पढ़ने, जिज्ञासु बनने और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की दी सीख
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के तहत कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अतरवाड़ा का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यालय में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के समाचार पत्र उपलब्ध पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने कक्षा 11वीं कला संकाय के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और विभिन्न अनुच्छेदों से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों द्वारा अधिकांश प्रश्नों के सही उत्तर देने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विषय शिक्षकों को विद्यार्थियों का निरंतर उन्मुखीकरण करने के निर्देश दिए, ताकि वे विषय संबंधी प्रश्नों का उत्तर आत्मविश्वास के साथ दे सकें।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की सीख देते हुए कहा कि संविधान नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने प्रतिदिन हिंदी के साथ अंग्रेजी समाचार पत्र पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र पढ़ने से सामान्य ज्ञान बढ़ने के साथ भाषा, समझ और अभिव्यक्ति क्षमता भी बेहतर होती है।
मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की दी समझाइश
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और इंटरनेट का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की समझाइश दी। उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करते हुए विद्यार्थियों से अपने परिजनों को दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
भाषा ज्ञान से बढ़ते हैं करियर के अवसर
कलेक्टर ने कक्षा 12वीं की संयुक्त अंग्रेजी कक्षा में गणित, जीव विज्ञान और कृषि संकाय के विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, रुचि और भाषा संबंधी जानकारी लेते हुए हिंदी के साथ अंग्रेजी भाषा सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विषय ज्ञान के साथ प्रभावी संवाद और अभिव्यक्ति के लिए भाषा का ज्ञान भी महत्वपूर्ण है।
सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने विद्यार्थियों को एक से अधिक भाषाओं के ज्ञान से मिलने वाले शिक्षा, रोजगार और करियर के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में विषय ज्ञान के साथ भाषाओं की समझ रखने वाले युवाओं की मांग बढ़ रही है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षकों से चर्चा कर शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इड़पाचे, विद्यालय प्राचार्य सुनील कुमार डेहरिया सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
