गणेश उत्सव और पर्युषण पर्व को लेकर सिंगोड़ी में शांति समिति की बैठक संपन्न
हाईटेंशन लाइन के नीचे पंडाल नहीं लगाने के निर्देश, सुरक्षा और स्वच्छता पर दिया जोर
सिंगोड़ी। आगामी गणेश उत्सव एवं पर्युषण पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से 8 सितंबर को सिंगोड़ी पुलिस चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, पत्रकार, वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।
हाईटेंशन लाइन के नीचे न लगाएं पंडाल
अमरवाड़ा एसडीएम हेमकरण ने गणेश पंडालों की स्थापना में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हाईटेंशन विद्युत लाइनों के नीचे किसी भी स्थिति में पंडाल न लगाए जाएं, ताकि विद्युत दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
त्योहारों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने ग्राम पंचायत को सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई कराने तथा जगह-जगह जमा कचरे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में अमरवाड़ा एसडीएम हेमकरण, टीआई राजेंद्र धुर्वे, सिंगोड़ी चौकी प्रभारी पंकज राय, ग्राम सरपंच कपिल ठाकुर, जनपद सदस्य योगेश यादव, पवन राव सोनी, रामनाथ साहू, कैलाश साहू, रमेश पटेल, परसादी पटेल, सदर शाहिद भाई, इलमन मिस्किनी, गयूर भाई सहित पत्रकार संतोष कुशवाहा, आकाश ताम्रकार, प्रीतम कुशवाहा, जाहिद मंसूरी, सद्दाम अंसारी, योगेश चौरसिया एवं अन्य जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
