Top News

संविधान दिवस पर प्रस्तावना का वाचन, न्यायोत्सव-2026 के तहत निकाली गई बाइक रैली

संविधान दिवस पर प्रस्तावना का वाचन, न्यायोत्सव-2026 के तहत निकाली गई बाइक रैली
संविधान दिवस पर प्रस्तावना का वाचन, न्यायोत्सव-2026 के तहत निकाली गई बाइक रैली

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार ने दिखाई हरी झंडी, आम नागरिकों को न्याय और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का दिया संदेश

छिंदवाड़ा। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जिला न्यायालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। उपस्थित न्यायाधीशों, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं अन्य सदस्यों ने प्रस्तावना को दोहराते हुए संविधान के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं भी दी गईं।

वहीं न्यायोत्सव-2026 एवं संविधान दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा द्वारा बाइक रैली का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार ने जिला न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली ईएलसी चौक, फव्वारा चौक, बस स्टैंड, पुलिस परेड ग्राउंड, जेल तिराहा, सत्कार तिराहा एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय से होते हुए वापस एडीआर भवन जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

बाइक रैली में सामुदायिक मध्यस्थ, होमगार्ड के आपदा मित्र, अधिवक्ता, पैरालीगल वॉलेंटियर, डिफेंस काउंसल, एनएसएस के विद्यार्थी, समाजसेवी, एनजीओ सदस्य, जनसेवा मित्र एवं कॉलेज के छात्र शामिल हुए। रैली में यातायात नियमों का विशेष ध्यान रखा गया। सभी प्रतिभागी हेलमेट पहनकर शामिल हुए। आयोजन में यातायात पुलिस, होमगार्ड एवं नगर निगम का सहयोग रहा।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशांत हुद्दार ने कहा कि राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तहसील विधिक सेवा समितियों के माध्यम से जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पैरालीगल वॉलेंटियर, पैनल अधिवक्ता, सामुदायिक मध्यस्थ एवं डिफेंस काउंसल इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बाइक रैली के माध्यम से आम नागरिकों को यह संदेश दिया जा रहा है कि न्याय प्राप्त करना सभी का समान अधिकार है। प्रत्येक नागरिक को अपने कानूनी अधिकारों एवं कानून के प्रति जागरूक होना चाहिए।

कार्यक्रम के तहत 27 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे जिला न्यायालय परिसर में प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा संचालित योजनाओं के साथ चित्रकला प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकला प्रदर्शित की जाएगी।

इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश सुधीर मिश्रा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संकर्षण प्रसाद पाण्डेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विपेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य न्यायाधीशगण, न्यायालय एवं प्राधिकरण के कर्मचारी तथा लीगल एड डिफेंस काउंसल उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने