भगवान श्रीकृष्ण पर कथित टिप्पणी से यादव समाज में आक्रोश, पन्ना में फूंका पुतला
सैकड़ों लोगों ने निकाला विरोध जुलूस, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
सच की आंखें न्यूज़ | पन्ना। भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पन्ना में यादव समाज सहित सर्व समाज के लोगों में आक्रोश देखने को मिला। विरोध में सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुतला दहन किया और जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
मंदिर परिसर से निकला विरोध जुलूस
प्रदर्शन की शुरुआत श्री जुगल किशोर जी मंदिर प्रांगण से हुई, जहां यादव समाज सहित विभिन्न समाजों के लोग एकत्रित हुए। इसके बाद जुलूस पंचम सिंह चौराहा होते हुए पुरानी कचहरी चौराहे पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और नारेबाजी की। इसके बाद जुलूस अजयगढ़ चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा।
निष्पक्ष जांच और एफआईआर की मांग
कलेक्ट्रेट में पन्ना तहसीलदार के माध्यम से जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित टिप्पणी की जानकारी सामने आई है। समाज के लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए नाराजगी जताई।
ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि टिप्पणी कानून के अनुसार आपत्तिजनक पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
ये रहे प्रदर्शन में शामिल
ज्ञापन सौंपने वालों में बुंदेलखंड प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष बाबूलाल यादव, अखिल भारतीय यादव महासभा के जिला अध्यक्ष नत्थू सिंह यादव, युवा जिला अध्यक्ष अजय यादव, दशरथ यादव पहलवान, जितेंद्र जाटव, नीरज यादव, बृजमोहन सिंह यादव, अरविंद यादव, पप्पू यादव, ब्रजेंद्र यादव, आस्था यादव, इंद्रपाल यादव, प्राण सिंह यादव, महेंद्र सिंह यादव, प्रधान यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें