4 हजार की रिश्वत लेते कर्मचारी गिरफ्तार, आखिर कूलर के नीचे क्यों छिपाया रिश्वत का लिफाफा?
28 हजार रुपए की ईएमडी राशि वापस दिलाने के बदले मांगी थी रिश्वत, लोकायुक्त ने कलेक्ट्रेट में की कार्रवाई
छिंदवाड़ा। जिले के आदिम जाति कल्याण विभाग में मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए कर्मचारी ललित अहिरवार को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बाबू ललित अहिरवार 28 हजार रुपए की ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) राशि वापस दिलाने के बदले शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा से 4 हजार रुपए की रिश्वत ले रहा था।
शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा के अनुसार नवेगांव में छात्रावास की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था। टेंडर प्रक्रिया में 52 में से 24 टेंडर पिछले छह महीनों के दौरान निरस्त किए गए थे। इसी प्रक्रिया के तहत उनकी 28 हजार रुपए की ईएमडी राशि वापस होनी थी। आरोप है कि यह राशि लौटाने के एवज में कर्मचारी ललित अहिरवार ने उनसे 4 हजार रुपए की मांग की थी।
लिफाफे में रखकर कूलर के नीचे छिपाई रकम
शिकायत के आधार पर लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इस दौरान कर्मचारी ने रिश्वत की रकम लिफाफे में रखकर कूलर के नीचे छिपा दी। लोकायुक्त टीम ने तलाशी लेकर लिफाफा बरामद कर लिया। केमिकल टेस्ट के दौरान कर्मचारी के हाथों पर भी रंग आने की जानकारी सामने आई है।
लोकायुक्त टीम द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें