कन्हैयाढाना में पेयजल व्यवस्था बहाल, नल-जल योजना से फिर शुरू हुई सप्लाई
17 बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण में जलजनित बीमारी के लक्षण नहीं मिले, पांच बच्चों में सामान्य सर्दी-जुकाम की शिकायत
छिंदवाड़ा। जिले की उमरेठ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खजरीअंतु के कन्हैयाढाना में पेयजल समस्या को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी है। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया और पानी के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित बताए गए 17 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
जांच के दौरान 12 बच्चे पूरी तरह स्वस्थ पाए गए, जबकि पांच बच्चों में सामान्य सर्दी-जुकाम के लक्षण मिले। कुछ बच्चों में त्वचा संबंधी समस्याएं भी सामने आईं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चों में पाए गए लक्षणों का जलजनित बीमारी से संबंध नहीं पाया गया है।
नल-जल योजना की मोटर चालू, गांव में बहाल हुई सप्लाई
कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड परासिया के अनुसार विभागीय उपयंत्री एवं हैंडपंप टेक्नीशियन ने 10 नवंबर को गांव में स्थापित दो शासकीय हैंडपंप सहित अन्य पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया तथा पानी के नमूने लिए। निरीक्षण में नल-जल योजना के स्रोत के अलावा दो शासकीय हैंडपंप और लगभग 10 निजी पेयजल स्रोत उपलब्ध पाए गए।
ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर नल-जल योजना के नलकूप में स्थापित मोटर पंप को पुनः चालू कराया। इसके बाद गांव में नल-जल योजना के माध्यम से पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई।
सभी जल स्रोतों का कराया गया क्लोरीनेशन
विभाग द्वारा गांव के सभी पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन भी कराया गया है, ताकि पानी की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मौके पर निरीक्षण, पानी के नमूनों का संग्रहण, स्वास्थ्य विभाग से समन्वय और पेयजल योजना की बहाली जैसी आवश्यक कार्रवाई की।
विभागीय जानकारी के अनुसार जांच में बच्चों के बीमार होने का दूषित पेयजल से संबंध सामने नहीं आया है। फिलहाल गांव में नल-जल योजना के माध्यम से पेयजल आपूर्ति पुनः प्रारंभ हो गई है और विभाग ने स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही है।


एक टिप्पणी भेजें