बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले सीएमओ पर कलेक्टर की सख्ती, सभी को जारी होंगे चेतावनी पत्र
फायर सेफ्टी को लेकर कलेक्टर हरेंद्र नारायन के कड़े निर्देश, अस्पतालों और शॉपिंग मॉल में होंगे औचक निरीक्षण; मॉक ड्रिल और फायर प्लान अनिवार्य
छिंदवाड़ा। जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आगामी त्योहारों के मद्देनजर कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने नगरीय निकायों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय से अनुपस्थित रहने वाले विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (सीएमओ) पर नाराजगी जताई। उन्होंने ऐसे अधिकारियों को लिखित चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों में लापरवाही और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा सामान्य नियम 2026 के प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिले के सभी नगरीय निकायों में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
24 घंटे तैनात रहेगा प्रशिक्षित फायर स्टाफ
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी नगर पालिका एवं नगर परिषदों में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित फायर स्टाफ की चौबीस घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कर्मचारियों को हमेशा त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रखा जाए। सभी फायर स्टेशनों एवं कार्यालयों में फायर प्लान और फायर कम्युनिकेशन प्लान भी नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
अस्पतालों और शॉपिंग मॉल में होंगे औचक निरीक्षण
बैठक में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त सीपी राय को परासिया क्षेत्र के सुरक्षा उपकरणों का विशेष निरीक्षण करने के निर्देश दिए। वहीं, फायर ऑफिसर अभिषेक दुबे को जिले के सभी नगरीय निकायों के अग्नि सुरक्षा उपकरणों की तकनीकी जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा जिले के अस्पतालों, शॉपिंग मॉल और सार्वजनिक व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन की जांच के लिए औचक निरीक्षण करने को कहा गया। जिला मुख्यालय पर विशेष फायर प्रशिक्षण आयोजित कर सभी सीएमओ एवं फायर सेफ्टी अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
मॉक ड्रिल नहीं कराने पर भी रहेगी नजर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी फायर ब्रिगेड वाहनों एवं पानी के टैंकरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध रहे। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की औचक जांच की जाए। प्रत्येक सीएमओ अपने अधिकृत लिंक ऑफिसर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ही अवकाश पर जाएं।
उन्होंने सभी सीएमओ को नियमित रूप से शाखाओं की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा करने और समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए। आगामी 15 दिनों बाद होने वाली समीक्षा बैठक में सभी नगरीय निकायों को अपडेट फायर प्लान के साथ प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
बैठक में एसडीएम छिंदवाड़ा पुष्पेंद्र निगम, नगर निगम आयुक्त एवं जिला परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण सीपी राय सहित जिले के समस्त नगरीय निकायों के सीएमओ एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

.jpeg)
एक टिप्पणी भेजें