जिले के जुन्नारदेव में 2 स्थलों पर रक्तदान शिविर संपन्न


शिविरों में 61 यूनिट रक्त का संग्रहण

कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन के मार्गदर्शन में रक्तदान अमृत महोत्सव अभियान के अंतर्गत जिले के विकासखंड जुन्नारदेव के गायत्री परिवार शक्तिपीठ और डब्ल्यू.सी.एल.वेलफेयर अस्पताल में रक्तदान शिविर संपन्न हुआ । दोनों शिविरों में ई-रक्तकोष पोर्टल में रक्तदाताओं का पंजीयन कर 61 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया जिसमें गायत्री परिवार शक्तिपीठ का 40 और डब्ल्यू.सी.एल.वेलफेयर अस्पताल का 21 यूनिट रक्त संग्रहण शामिल है ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जी.सी.चौरसिया ने बताया कि इन रक्तदान शिविरों में अखिल विश्व गायत्री परिवार, डब्ल्यू.सी.एल., पतंजलि योगपीठ, स्टेट फारवर्ड पब्लिक स्कूल के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया तथा स्थानीय प्रशासन और अन्य समाजसेवी संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से रक्त संग्रहण हो सका । शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.रविन्द्र बाथम ने भी रक्तदान किया । संग्रहित रक्त का उपयोग ऐनीमिक व गर्भवती महिलाओं, सिकलसेल व थैलीसिमिया से ग्रसित व्यक्तियों, दुर्घटनाग्रस्त घायल मरीजों और अन्य जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क प्रदान किया जाकर उनकी जान बचाई जा सकेगी । उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुये उनके प्रति आभार व्यक्त किया है ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ