मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत केंद्र और राज्य शासन की चिन्हांकित 37 योजनाओं में पात्र हितग्राहियों को सैचुरेट करने के लिए घर-घर सर्वे के उपरांत 17 सितंबर से लगातार जिले की सभी ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार 29 सितंबर को चौरई विकासखंड की ग्राम पंचायत सिहोरामाल और छिंदवाड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत मानेगांव के लिए मुख्यमंत्री जन सेवा शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में प्रदेश के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव और प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव भी शामिल होंगे। शिविरों की तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने दोनों ग्राम पंचायतों में पहुंचकर सभी विभागों के जिला व खंड स्तरीय अधिकारियों और स्थानीय अमले की बैठक ली। ग्राम पंचायत सिहोरामाल की समीक्षा बैठक ग्राम पंचायत भवन और ग्राम पंचायत मानेगांव की समीक्षा बैठक ग्राम पंचायत के ग्राम मोआदेई की प्राथमिक शाला में आयोजित की गई थी।
बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने ग्राम पंचायत के प्रत्येक ग्राम में हुए सर्वे कार्य, विभागवार प्राप्त आवेदनों और उनमें निराकरण की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को 29 सितंबर को आयोजित पहले शिविर में ही लाभान्वित करने का प्रयास करें। जो भी प्रक्रियाएं शेष हैं, उन्हें तत्काल पूर्ण कराएं। जो अपात्र हैं, उनकी भी स्पष्ट व पूरी जानकारी रखें। उन्होंने ग्राम पंचायतवार प्राप्त आवेदनों की पूरी जानकारी संख्या के आधार पर क्रम से संधारित रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेंद्र नारायण, एडीएम ओ.पी.सनोडिया और एसडीएम अतुल सिंह भी मौजूद थे।
0 टिप्पणियाँ