किसान 21 दिसंबर से स्वयं कर सकेगें फसल गिरदावरी
राज्य शासन द्वारा रबी मौसम 2022-23 में सैटेलाईट इमेज/ए.आई.पर आधारित फसल गिरदावरी की कार्यवाही पूर्ण करने के लिये प्रक्रिया निर्धारित कर दी गई है। इस निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किसान एम.पी.किसान एप के माध्यम से फसल स्व-घोषणा की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए एप में पंजीयन अनिवार्य है। पंजीयन कार्य प्रति ग्राम अधिक से अधिक खातेदारों का एम.पी.किसान एप में 21 दिसंबर 2022 से 20 जनवरी 2023 तक पंजीयन किया जा सकता है। जिले के किसानों से एप में निर्धारित तिथि तक पंजीयन कराने की अपील की गई है ।
अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती स्मृति खंडेलवाल ने बताया कि एम.पी.किसान एप के माध्यम से किसान द्वारा खेत में उपस्थित होकर फसल की जानकारी जियो फेंस तकनीक के अनुसार प्री-रजिस्ट्रेशन के लिये दर्ज की जा सकती है जिसकी समय-सीमा 21 दिसंबर से 20 जनवरी तक नियत की गई है। इस दौरान पटवारियों द्वारा भी समानांतर रूप से फसल गिरदावरी 21 दिसंबर से 20 जनवरी तक पूर्ण की जायेगी। इसके बाद 23 जनवरी को सैटेलाईट इमेज/ए.आई. से प्राप्त संभावित फसल व किसान/पटवारी द्वारा दर्ज फसल की जानकारी समान होने पर यह सर्वर पर सीधे अद्यतन होगी और विसंगतिपूर्ण जानकारी का निराकरण पटवारी द्वारा जियो फँस तकनीक से स्थल का फोटो खींचकर किया जायेगा। किसानों को गिरदावरी की जानकारी एम.पी.किसान एप में अवलोकन के लिये उपलब्ध रहेगी जिससे असहमत होने पर आपत्ति की जानकारी खेत पर उपस्थित होकर फसल का फोटो खींचकर 28 जनवरी तक सतत् रूप से दर्ज की जा सकती है। प्राप्त आपत्तियों का निराकरण तहसीलदार द्वारा 31 जनवरी तक सारा पोर्टल के माध्यम से किया जायेगा। रबी मौसम के लिये 31 जनवरी 2023 को गिरदावरी का डाटा लॉक कर दिया जायेगा जिसके उपरांत संशोधन मान्य नहीं होगा।


