जिले में "मिलावट से मुक्ति अभियान” के अंतर्गत लगातार निरीक्षण कर मिलावटखोरों पर सख्त कार्यवाही करें-कलेक्टर श्रीमती पटले

खाद्य एवं औषधि प्रशासन और नापतौल विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती शीतला पटले ने निर्देश दिये कि जिले में "मिलावट से मुक्ति अभियान” के अंतर्गत लगातार निरीक्षण कर मिलावटखोरों पर सख्त कार्यवाही करें । साथ ही बिना लाइसेन्स/रजिस्ट्रेशन के कार्य करने वाले सभी खाद्य कारोबारियों के विरुध्द कड़ी कार्यवाही करतें हुये प्रकरण बनायें । कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती पटले ने ये निर्देश आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में खाद्य एवं औषधि प्रशासन और नापतौल विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को दिये । बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण गोपेश मिश्रा, पुरुषोत्तम भंडूरिया, रूपराम सनोडिया, औषधि निरीक्षक विवेकानंद यादव और नापतौल निरीक्षक शैलेंद्र सिंह उपस्थित थे ।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती पटले ने निर्देश दिये कि मिलावटी दूध व दूध से बने पदार्थों, मिलावटी खाद्य तेल आदि पर कार्यवाही के साथ ही रंगयुक्त सब्जी व कृत्रिम रूप से अवैध तरीके से पकाये जा रहे फलों, जिले में स्ट्रीट फूड के अंतर्गत गलत तरीके से बनी व परोसी जा रही चाट, फुलकी और चाइनीस फूड आदि, बच्चों के लिये उपलब्ध हल्की क्वालिटी के कुरकुरे व वेफर्स आदि पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये । उन्होंने होटलों व रेस्टारेन्टों की लगातार जांच करने और गुणवत्ताहीन अनाज व्यापार, गुणवत्ताहीन पानी व्यापार, आइसक्रीम व्यापार आदि पर भी कड़ाई से लगाम लगाने के लिये निर्देशित किया । साथ ही न्यायालयीन प्रकरणों की भी समीक्षा कर अर्थदण्ड की राशि तत्काल वसूलने के निर्देश दिये गये। उन्होंने खाद्य लाइसेन्स/रजिस्ट्रेशन के कार्यों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुये शीघ्र एवं अधिक से अधिक संख्या में लाइसेन्स/रजिस्ट्रेशन बनवाने के निर्देश भी दिये । उन्होंने औषधि विभाग की समीक्षा कर औषधि निरीक्षक को जिले में लगातार सभी दवा दुकानों की जांच करने और गुणवत्तायुक्त औषधि जनता को उपलब्ध कराने के लिये निर्देशित किया । इस दौरान मिलते जुलते नामों से चल रही घटिया स्तर की कोल्डड्रिंक पर भी कार्यवाही के निर्देश दिये गये ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ