विधानसभा अमरवाड़ा में आयोजित बीएलओ एवं बीएलए के संयुक्त प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक में शामिल हुए कलेक्टर एवं एसपी

मतदाता सूची को शुध्दतम करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने में बीएलओ एवं बीएलए की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला आगामी 30 सितंबर तक आयोजित डोर टू डोर मतदाताओं के सत्यापन का कार्य गुणवत्तापूर्ण हो सुनिश्चित-कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पुष्प अपने-अपने क्षेत्र के प्रति सजग रहें, आप सभी के सहयोग से ही संपन्न होगा शांतिपूर्ण निर्वाचन-पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा

विधानसभा अमरवाड़ा में आयोजित बीएलओ एवं बीएलए के संयुक्त प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक में शामिल हुए कलेक्टर एवं एसपी
विधानसभा निर्वाचन 2023 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार जिले में मतदाता सूची को शुध्दतम बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विधानसभावार बीएलओ एवं सभी राजनैतिक दलों के बीएलए के साथ संयुक्त बैठकों का आयोजन कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान की गई कार्यवाहियों की गहन समीक्षा की जा रही है जिसमें अच्छा कार्य करने वालों को सराहना मिल रही है। जहां कहीं कुछ कमी हो तो उसे 20 से 30 सितंबर तक आयोजित मतदाता सत्यापन अभियान के दौरान दूर किया जा सके, इसके लिए बीएलओ एवं बीएलए को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज विधानसभा अमरवाड़ा के अंतर्गत बारात घर अमरवाड़ा में विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ एवं बीएलए का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बीएलओ सुपरवाइजर, सेक्टर ऑफिसर और विधानसभा स्तरीय नोडल ऑफिसर भी उपस्थित थे। इस संयुक्त बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनोज पुष्प और पुलिस अधीक्षक श्री विनायक वर्मा भी शामिल हुए और बीएलओ एवं निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी शासकीय सेवकों का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान सहायक कलेक्टर सुश्री तनुश्री मीणा, एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अमरवाड़ा श्री हेमकरण धुर्वे व एसडीओपी अमरवाड़ा सहित निर्वाचन कार्य में संलग्न समस्त अमला मौजूद था।
       कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पुष्प ने बीएलओवार मतदाता सूची के व्दितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के दौरान नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों एवं कुछ मतदान केन्द्रों में बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों के कारणों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुध्दतम करने और मतदान का प्रतिशत बढ़ाने में बीएलओ व बीएलए की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। मतदाता सूची जितनी शुध्द होगी, वास्तविक मतदाताओं को मतदान का उतना ही अधिकार मिलेगा। इसमें 30 सितंबर 2023 तक आयोजित डोर टू डोर मतदाताओं का सत्यापन कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस कार्य को पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ करने के लिए सभी बीएलओ को प्रोत्साहित किया। इस कार्य के दौरान राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए को भी साथ रखने और सभी मतदान केंद्रों से संबंधित बीएलए और बीएलओ की सूची तैयार करते हुए संपर्क नंबरों को आपस में साझा करने के निर्देश दिए। सभी बीएलओ भी ईवीएम की समस्त संचालन प्रक्रियाओं से अवगत रहें और निर्वाचन के दौरान इससे संबंधित कोई टेक्निकल इश्यू आने पर उसे दूर करने में सक्षम बने, इसके लिए उन्हें भी ईवीएम वीवीपेट की हैंड्स ऑन ट्रेनिंग देने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने कहा कि आप सभी के सहयोग से ही शांतिपूर्ण और निर्बाध निर्वाचन संपन्न होगा। सभी अपने-अपने क्षेत्र के प्रति सजग रहें। क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग कर लें और उसे दूर करने के लिए स्थानीय लोगों से सतत संपर्क बनाए रखें। कोई समस्या प्रतीत हो तो तत्काल जिला और पुलिस प्रशासन को अवगत कराएं।   

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ