लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की ओर एक बड़ा कदम

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
लाड़ली बहना योजना : महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की ओर एक बड़ा कदम
✍️जुन्नरदेव से मुकेश बरखाने संवाददाता
छिन्‍दवाड़ा/10 फरवरी 2025/ प्रदेश की जरूरतमंद महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मार्च 2023 से प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की ओर एक बड़ा कदम साबित हो रही है। इस योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,250 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे वे अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा प्रतिमाह राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से लाडली बहनों के खाते में मासिक सहायता राशि का अंतरण नियमित रूप से किया जा रहा है। आज सोमवार को देवास जिले के सोनकच्छ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से भी प्रदेश की लाडली बहनों के खातों में 1250 रुपए की राशि अंतरित की गई है। छिंदवाड़ा जिले की 3 लाख 93 हजार 56 लाडली बहनों के खातों में 47.28 करोड़ की राशि पहुंची है।
       यह योजना प्रदेश की उन बहनों के लिए संजीवनी साबित हो रही है, जो पहले छोटे-छोटे खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर थीं। हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से वे न केवल अपने घरेलू खर्चों को आसानी से संभाल पा रही हैं, बल्कि अपने बच्चों की शिक्षा और जरूरतों को भी पूरा कर रही हैं। यह योजना महिलाओं को न केवल वित्तीय मजबूती दे रही है, बल्कि उनके आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा दे रही है। लाड़ली बहना योजना आज हजारों महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि से कई बहनों को राहत मिली है, जो पहले आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं।
योजना से बदली महिलाओं की जिंदगी- जिले के कैलाश नगर की  सुनीता सोनी बताती हैं कि उन्हें इस योजना से हर महीने मिलने वाली राशि से छोटे-मोटे खर्चों में आसानी हो रही है। पहले उन्हें हर महीने की जरूरतें पूरी करने में कठिनाई होती थी, दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब वे आत्मनिर्भर महसूस करती हैं।
       लता कुमरे, जिनकी बेटी पढ़ाई के लिए किराए के कमरे में रहती है, अब उसकी रहने की जगह का किराया बिना किसी परेशानी के चुका पा रही हैं। उनका कहना है कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।  रेणु बघेल भी इस योजना के लिए आभार व्यक्त करती है, वे कहती हैं कि अब वे अपने बच्चों की ट्यूशन फीस आसानी से भर पा रही हैं और साथ ही घर के जरूरी खर्चों में भी यह सहायता राशि बहुत काम आ रही है। लालबाग छिंदवाड़ा की  करूणा शर्मा को भी इस योजना का लाभ मिल रहा है। वे इसे सरकार की एक बेहतरीन पहल मानती हैं, जिससे महिलाओं को अब आर्थिक तंगी से जूझना नहीं पड़ता। छिंदवाड़ा नगर के वार्ड नंबर-1 की  रीना, वार्ड नंबर-38 की  कौशल्या बघेल और वार्ड नंबर-18 की  तबस्सुम अली भी इस योजना के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद कर रही हैं। उनका कहना है कि यह योजना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर रही है और अब वे अपने घरेलू खर्चों को बिना किसी परेशानी के संभाल पा रही हैं।
        सभी लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया है और कहा कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी बढ़ोतरी हुई है। लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को उनके छोटे-छोटे खर्चों के लिए किसी पर निर्भर होने से मुक्त किया है और यह सरकार की महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default