एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए आनंद के उत्सव
के रूप में मनाये महाशिवरात्रि एवं होली पर्व- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह
✍️जुन्नरदेव से मुकेश बरखाने संवाददाता
छिन्दवाड़ा/11 फरवरी 2025/ कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गतदिवस कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में महाशिवरात्रि और होली पर्व की तैयारियों को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं और होली पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए चर्चा की गई। बैठक में नगरपालिक निगम के महापौर विक्रम अहके के साथ ही समिति के सभी अशासकीय सदस्य और एसपी अजय कुमार पांडे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम के.सी.बोपचे व एसडीएम सुधीर कुमार जैन सहित समिति के सभी शासकीय सदस्य उपस्थित थे। कलेक्टर सिंह ने कहा कि महाशिवरात्रि और होली जैसे बड़े पर्वों को आनंद के उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी त्योहारों में एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान जरूरी है। महाशिवरात्रि मेले के दौरान जिले के सभी प्रमुख मंदिरों बड़ा महादेव, छोटा महादेव (जुन्नारदेव), पातालेश्वर (छिंदवाड़ा), अर्धनारीश्वर (मोहगांव हवेली), शंकर वन (बिछुआ) और जाम सांवरी मंदिर सहित अन्य स्थलों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
बैठक में बताया गया कि महाशिवरात्रि पर्व 26 फरवरी को मनाया जाएगा। पातालेश्वर मंदिर में 25 फरवरी की रात से अभिषेक प्रारंभ होगा जो रात्रि 2:30 बजे तक चलेगा। महाशिवरात्रि के दिन प्रातः 4 बजे से पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी। मेले में स्वच्छता, पेयजल, अस्थायी शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और स्वास्थ्य सेवाओं के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। रेलवे और नगर निगम की मदद से अस्थायी शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर सिंह ने महाशिवरात्रि के दौरान भंडारों में प्लास्टिक की थालियों और कपों के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से पत्तल या कागज के बायोडिग्रेडेबल उत्पादों का उपयोग किया जाना चाहिए।
कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि मेला स्थल पर अवैध वसूली और गुटखा-तंबाकू बेचने पर प्रतिबंध रहेगा। वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नागपुर और परासिया रोड पर रेडियम टेप लगाने, बायपास रोड पर एंबुलेंस की तैनाती और यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि मेले के दौरान तामिया मार्ग पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों की जांच का कार्य किया जायेगा जिससे दुर्घटनाओं को रोका जा सके। वाहन चालक द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने पर उसके विरूध्द कार्यवाही की जायेगी ।
होली पर्व के लिए विशेष निर्देश- बैठक में आगामी 13 मार्च को होलिका दहन और 14 मार्च को रंग उत्सव (धुरेंडी) तथा 19 मार्च को रंग पंचमी मनाने की जानकारी दी गई। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि होलिका दहन के दौरान मुख्य सड़कों और बिजली के तारों के नीचे होलिका जलाने से बचें। हरे-भरे पेड़ों की कटाई न करें और सांकेतिक होलिका दहन को प्राथमिकता दें। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का अनधिकृत उपयोग और जबरन चंदा वसूली पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने सभी नागरिकों से दोनों पर्वों को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।