ग्राम हिवरखेड़ी में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
चौरई। थाना क्षेत्र के ग्राम हिवरखेड़ी में रविवार रात एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जानकारी के अनुसार ग्राम हिवरखेड़ी निवासी सियाराम उर्फ पप्पू वर्मा (30) पिता कुममा वर्मा ने रात करीब 9 बजे अपने घर के आंगन में लगे बिजली के खंभे पर फांसी लगा ली।
घटना के समय घर के सभी सदस्य मोहल्ले में मां जगतजननी की आरती में गए हुए थे। आरती के पश्चात जब वे घर लौटे तो उन्होंने पप्पू को फांसी पर लटका देखा। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया।
बताया जाता है कि मृतक की कुछ वर्ष पहले शादी हुई थी, लेकिन पत्नी छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से ही पप्पू शराब की लत में पड़ गया था और नशे की वजह से मानसिक तनाव में रहने लगा था। इसी कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया। शव का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह चौरई अस्पताल में कराया गया।
Tags
हिवरखेडी