एक करोड़ 26 लाख से अधिक बहनों को 1857 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित, अब हर महीने मिलेंगे 1500 रुपए
छिंदवाड़ा/भोपाल, 12 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना ने न केवल बहनों का जीवन बदला है, बल्कि मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा भी परिवर्तित की है। उन्होंने कहा कि यह योजना अब “मदद की नहीं, मौका देने की योजना” बन गई है। भाईदूज पर बहनों से किया गया वादा निभाते हुए मुख्यमंत्री ने योजना की राशि 1250 से बढ़ाकर 1500 रुपए प्रति माह कर दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक से प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1857 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। इस अवसर पर सिवनी जिले की 2 लाख 68 हजार से अधिक बहनों को भी लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों का आत्मविश्वास ही मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने बताया कि जून 2023 से अब तक बहनों के खातों में 45 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। अब हर महीने 1500 रुपए मिलने से बहनों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी।
विकास की सौगातें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी जिले में 560 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 114 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इसमें एक विधि महाविद्यालय, चार सांदीपनि विद्यालय और कई सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने पेंच टाइगर रिजर्व में स्क्रैप से बनी विश्व की सबसे बड़ी बाघ की कलाकृति का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि युवाओं के लिए घंसौर में खेल स्टेडियम बनाया जाएगा, वहीं लामटा से पांडिया छपारा के बीच बड़ा पुल निर्माण होगा। साथ ही किसानों के लिए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धान का बोनस दे चुकी है, गेहूं खरीदेगी और मक्का का भी उचित मूल्य दिलाएगी।
महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान का प्रतीक है। राज्य सरकार वर्ष 2028 तक राजनीतिक क्षेत्र में 33% आरक्षण लागू करने के प्रयास कर रही है, जिससे महिलाएं “निडर और लीडर” बन सकें।
प्रदेश में 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों के माध्यम से 53 लाख महिलाएं जुड़ी हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में कामकाजी महिलाओं के लिए 8 वर्किंग वूमन हॉस्टल भी बनाए जा रहे हैं।
किसानों और युवाओं के लिए नई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 दिसंबर 2025 से पुराने बिजली बिलों के सरचार्ज माफ करने की योजना शुरू होगी। साथ ही 13 नवंबर को सोयाबीन किसानों को भावांतर राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार औद्योगिक विकास में अग्रणी है और प्रदेश को केंद्र सरकार से 4 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा, सांसद भारती पारधी, विधायक दिनेश राय (मुनमुन), पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हितग्राहियों से संवाद किया, उनके अनुभव सुने और उन्हें प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा — “लाड़ली बहनों की मुस्कान में ही मध्यप्रदेश का भविष्य बसता है। जब बहनें सशक्त होंगी, तो परिवार, समाज और प्रदेश तीनों समृद्ध बनेंगे।”

