Top News

बरारिया में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण आयोजित


बरारिया में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण आयोजित

ग्रामीण विकास, जनभागीदारी और नशामुक्ति पर दिया जोर, प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

बरारिया, परासिया (छिंदवाड़ा)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत नवचेतना पब्लिक वेलफेयर सोसायटी (नवांकुर संस्था), सेक्टर-04 द्वारा 24 अक्टूबर 2026 को ग्राम बरारिया में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता संवर्धन एवं शक्ति संचय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, जनसहभागिता, स्वावलंबन, सामूहिकता और समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत बरारिया के सरपंच मोहन कहार द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक संजीव कुमार भांवरकर, परामर्शदाता मनीष कैथवास, शंकरराम प्रजापति सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

चार सत्रों में दिया गया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर चार सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में परामर्शदाता मनीष कैथवास ने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और प्रस्फुटन समितियों की भूमिका की जानकारी दी। दूसरे सत्र में शंकरराम प्रजापति ने समितियों को प्रभावी स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित करने, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और सामूहिक प्रयासों के महत्व पर प्रकाश डाला।

तीसरे सत्र में सतीश यादव ने संवाद कौशल एवं प्रभावी संचार तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। वहीं, चौथे सत्र में योगेश सोनी ने बैठकों, गतिविधियों और निर्णयों के दस्तावेजीकरण, पंजियों के संधारण तथा कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

विकासखंड समन्वयक संजीव कुमार भांवरकर ने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के परिचय, कार्यप्रणाली और समितियों के दायित्वों की जानकारी दी। जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने सामुदायिक सहभागिता, जनजागरूकता, नशामुक्त भारत अभियान और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

ग्रामीण विकास में जनभागीदारी पर जोर

वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण विकास की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए समितियों का संगठित होना, नियमित बैठकें करना, आपसी संवाद बनाए रखना और गतिविधियों का उचित दस्तावेजीकरण आवश्यक है। समितियों के माध्यम से जनजागरूकता, सामाजिक सहभागिता और नशामुक्ति जैसे अभियानों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में सेक्टर-01 एवं सेक्टर-04 की प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सदस्यों ने सहभागिता की। बरारिया, मायावाड़ी, सिरगोरी खुर्द, डुंगरिया, बिजौरी गुमाई तथा नगर विकास प्रस्फुटन समिति परासिया के पदाधिकारी भी प्रशिक्षण में शामिल हुए।

प्रमाण पत्र वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन

समापन अवसर पर प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के संबंध में फीडबैक लिया गया और उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए गए। नवचेतना पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अंकेश बाघ ने कहा कि समितियों को मजबूत बनाने से विकासखंड स्तर पर गतिविधियां सुदृढ़ होंगी और इससे जिला स्तर पर भी विकास कार्यों को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बरारिया के सरपंच मोहन कहार, ग्राम रोजगार सहायक, गणमान्य नागरिक तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों और नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में अंकेश बाघ ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सच की आंखें न्यूज़

Post a Comment

और नया पुराने