Top News

दीपावली के लिए गोबर और मिट्टी के दीये बना रहीं स्वसहायता समूह की महिलाएं

दीपावली के लिए गोबर और मिट्टी के दीये बना रहीं स्वसहायता समूह की महिलाएं


आत्मनिर्भर भारत की दिशा में पहल, स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

पन्ना।। दीपावली पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में पन्ना जिले के स्वसहायता समूहों की महिलाएं गोबर और मिट्टी से दीये तैयार कर रही हैं। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करना है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गोबर से दीये बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिला परियोजना प्रबंधक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि पन्ना विकासखंड के ग्राम रक्सेहा में वैष्णव माता स्वसहायता समूह की सदस्य पुष्पा मंडल, मीना दास और अन्य महिलाएं गोबर से दीपक तैयार कर रही हैं।

ग्राम संगठन रक्सेहा की अध्यक्ष ऊषा सरकार के प्रेरणा एवं सहयोग से इस कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। समूह की महिलाएं दीपावली के लिए आकर्षक दीये बनाने में जुटी हैं, जिन्हें बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को प्रोत्साहन

दीपावली पर घरों और प्रतिष्ठानों को दीयों से सजाने की परंपरा रही है। ऐसे में गोबर से बने दीये स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण के अनुकूल विकल्प के रूप में भी उपयोगी हो सकते हैं। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पाद तैयार करने और बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।

इस कार्य में जिला प्रबंधक लघु उद्यमिता विकास ओमप्रकाश सोनी, विकासखंड प्रबंधक पन्ना विवेक कुमार मिश्रा और आजीविका मिशन की क्लस्टर प्रभारी शीतल द्विवेदी का भी विशेष योगदान है।

स्वसहायता समूह की महिलाओं की यह पहल ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और त्योहार के अवसर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सच की आंखें न्यूज़

Post a Comment

और नया पुराने