नौ दिनों तक चला पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण का सिलसिला, श्रद्धा एवं उल्लास के साथ दी गई माता रानी को विदाई
पन्ना।। पन्ना जिले के ग्राम मकरंदगंज में माता रानी की विदाई श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। इस दौरान गांव में दो स्थानों पर माता रानी की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। परैल मोहल्ला में स्थापित प्रतिमा का विसर्जन गुरुवार को दिन में किया गया, जबकि तलैया के पास द्विवेदी परिवार की ओर से स्थापित माता रानी की प्रतिमा का विसर्जन भव्य धार्मिक आयोजन के साथ रात्रि में किया गया।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी आलोक कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में तलैया के पास धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन संध्या आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान ग्राम में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं गांव की सुख-समृद्धि की कामना की।
विशाल कन्या भोज के बाद निकली विसर्जन यात्रा
नवरात्रि के नौवें दिन तलैया स्थित माता रानी के स्थान पर विशाल कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धापूर्वक कन्याओं को भोजन कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद गाजे-बाजे के साथ माता रानी की विसर्जन यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ माता रानी को विदाई दी।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों के साथ आलोक कुमार द्विवेदी, सोमनाथ द्विवेदी, सचिन पाठक, अनिल मिश्रा, प्रखर द्विवेदी, हर्ष मिश्रा, गणेश सोनी, भूपेन्द्र महदेले, अभिषेक अग्रवाल और रतन दहयात सहित अन्य लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।
मकरंदगंज में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने गांव में आपसी सद्भाव, सहयोग और धार्मिक आस्था का संदेश दिया। माता रानी की विदाई के साथ ही श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें