शाम होते ही छा जाता है अंधेरा, बुजुर्गों और बच्चों को आवागमन में परेशानी; ग्रामीणों ने की लाइट चालू कराने की मांग
सच की आंखें न्यूज़ | जुन्नारदेव।
जनपद पंचायत जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलीबट में स्ट्रीट लाइट बंद होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की बस्ती सहित पंचायत के आसपास लगे स्ट्रीट लाइट के बंद रहने से शाम होते ही क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार अंधेरे के कारण रात में आवागमन करना मुश्किल हो रहा है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं अंधेरे के कारण असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि 30 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे तक गांव की स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी थीं। इसके बावजूद जिम्मेदारों द्वारा व्यवस्था सुधारने की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों से जल्द स्ट्रीट लाइट चालू करवाने की मांग की है, ताकि गांव में रात के समय रोशनी और सुरक्षा की उचित व्यवस्था हो सके। अब देखना होगा कि जिम्मेदार इस समस्या का समाधान कब तक करते हैं।

एक टिप्पणी भेजें