सुरलाखापा में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण संपन्न
सामूहिकता, स्वावलंबन और जनभागीदारी के साथ ग्राम विकास पर दिया जोर
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड हर्रई के अंतर्गत ग्राम सुरलाखापा के पंचायत भवन में सेक्टर क्रमांक-04 की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के लिए शक्ति सृजन एवं क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था ग्राम विकास एवं जनकल्याण समिति, पटनिया द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम सुरलाखापा के रोजगार सचिव बलराम यादव, सचिव भागलाल सिंगरे, पत्रकार सलीम खान, शेख चमन कुरैशी तथा समाजसेवी एवं ब्लॉक समन्वयक आशीष नेमा उपस्थित रहे। नवांकुर संस्था के अध्यक्ष अनिल डेहरिया एवं परामर्शदाता प्रकाश परतेती ने भी सहभागिता की। अतिथियों का स्वागत कर उनका अभिनंदन किया गया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में ब्लॉक समन्वयक आशीष नेमा ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की अवधारणा, उद्देश्य एवं लक्ष्यों की जानकारी दी। उन्होंने सामूहिकता, स्वावलंबन, जनभागीदारी, स्वैच्छिकता तथा समितियों के बीच समन्वय स्थापित करने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही प्रस्फुटन योजना, नवांकुर योजना, सृजन, दृष्टि, संवाद, विस्तार एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम सहित परिषद की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, कृषि, सुपोषण, महिला सशक्तिकरण, सौर ऊर्जा संरक्षण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने से संबंधित गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण के दूसरे एवं तीसरे सत्र में नवांकुर संस्था के अध्यक्ष अनिल डेहरिया ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण, अभिलेखों के संधारण तथा समितियों को स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया समझाई। वहीं, चौथे सत्र में संस्था के परामर्शदाता प्रकाश परतेती ने प्रभावी संवाद कौशल की आवश्यकता और उसकी विभिन्न तकनीकों के बारे में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षण में शामिल समिति सदस्यों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया। नवांकुर संस्था के अध्यक्ष अनिल डेहरिया ने प्रशिक्षण को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सुरलाखापा सेक्टर क्रमांक-04 के अंतर्गत आने वाली ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी, मनोज इनवाती सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

.jpeg)
एक टिप्पणी भेजें