Top News

तीर्थ क्षेत्रों के विकास से उज्जैन में आया व्यापक बदलाव : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव


तीर्थ क्षेत्रों के विकास से उज्जैन में आया व्यापक बदलाव : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

उज्जैन में 1211.34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन, 17 नवंबर को जू एवं रेस्क्यू सेंटर की रखी जाएगी आधारशिला

सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज, सड़क निर्माण के लिए जमीन देने वाले किसानों को मिला चार गुना मुआवजा

छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। मध्यप्रदेश में भी तीर्थ क्षेत्रों के विकास से व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। उज्जैन इसका प्रमुख उदाहरण है, जहां बाबा महाकाल महालोक के निर्माण और धार्मिक पर्यटन में वृद्धि से शहर की पहचान देश-दुनिया में और मजबूत हुई है। वर्ष 2022 के बाद उज्जैन में तीर्थ क्षेत्रों के विकास की दिशा में व्यापक परिवर्तन हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन में 1211.34 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उज्जैन सहित प्रदेश के टियर-2 शहरों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। साथ ही प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और धार्मिक पर्वों को भव्यता के साथ मनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

सिंहस्थ 2028 के लिए तेजी से चल रही तैयारियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ कुंभ 12 वर्ष में एक बार आयोजित होता है। वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ के भव्य एवं दिव्य आयोजन की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। उज्जैन में 1200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास और जीर्णोद्धार कार्यों का भूमि-पूजन किया गया है। इनमें शिप्रा नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध अंगारेश्वर महादेव मंदिर और उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठ गढ़कालिका माता मंदिर के तीर्थ क्षेत्र का विकास भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम के कारण उज्जैन का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नई सड़कों और सीवर लाइन का विस्तार किया जा रहा है।

17 नवंबर को जू एवं रेस्क्यू सेंटर का भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि उज्जैन में 17 नवंबर को बहुप्रतीक्षित जू (चिड़ियाघर) एवं रेस्क्यू सेंटर का भूमि-पूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के लिए स्वेच्छा से अपने मकान छोड़ने वाले परिवारों को मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में नि:शुल्क आवास उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, प्रभावित दुकानदारों के लिए खाली जमीन पर नया मार्केट विकसित कर दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी।

किसानों को मिला जमीन अधिग्रहण का चार गुना मुआवजा

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के तहत किसानों को चार गुना मुआवजे के चेक वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को भाईदूज की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, यूडीए अध्यक्ष रवि सोलंकी, मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष ओम जैन, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सनवर पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Post a Comment

और नया पुराने