Top News

खिरसाडोह पॉलीटेक्निक में सेवा संकल्प अभियान का भव्य समापन


खिरसाडोह पॉलीटेक्निक में सेवा संकल्प अभियान का भव्य समापन

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर किया सम्मानित, सेवा और समर्पण का दिया संदेश

सच की आंखें न्यूज़ | छिंदवाड़ा।

शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय खिरसाडोह में सेवा, समर्पण और सहभागिता के संकल्प के साथ आयोजित सेवा संकल्प अभियान का समापन समारोह उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परासिया एसडीएम शुभम कुमार यादव उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय सिवनी के प्राचार्य आर.के. दुबे एवं इंदिरा गांधी शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा के प्राचार्य डॉ. आलोक यादव शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से महाविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा था। इनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य एच.डी. पाटिल ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महाविद्यालय के कर्मठ एवं समर्पित सदस्यों को भी स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।

समारोह में तीनों महाविद्यालयों के प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन श्रीमती आशा ढोक एवं श्री धर्मपाल ढोक ने किया।

समापन समारोह ने विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण, अनुशासन, सहयोग और सामूहिक सहभागिता के महत्व का प्रेरणादायी संदेश दिया।

Post a Comment

और नया पुराने