Top News

भरदागढ़ में कलेक्टर का एक्शन, पंचायत सचिव को दो दिन की मोहलत, नहीं तो निलंबन!

जनविश्वास अभियान के तहत भरदागढ़ पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
आंगनबाड़ी केंद्र और निस्तारी तालाब का किया निरीक्षण, जल जीवन मिशन की पंचायतवार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश; लापरवाही पर सचिव को नोटिस जारी करने के दिए आदेश

छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के 16वें शुक्रवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं जिला अधिकारियों की टीम के साथ जुन्नारदेव विकासखंड की ग्राम पंचायत भरदागढ़ पहुंची। इस दौरान अधिकारियों ने शासकीय संस्थाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा जनसंवाद शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जमकुंडा स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को ड्राइंग बुक और पेंसिल बॉक्स उपहार स्वरूप प्रदान किए। साथ ही केंद्र में पोषण, टीकाकरण और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके बाद ग्राम सुकरी में रेखा साहू द्वारा संचालित एवरीडे बेकरी का निरीक्षण किया। यहां बेकरी में तैयार होने वाले टोस्ट, रस्क, कुकीज, क्रीम रोल और ब्रेड की निर्माण प्रक्रिया देखी। अधिकारियों को बताया गया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत इकाई के लिए 28.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है तथा 9.25 लाख रुपये का अनुदान मिला है। इस इकाई से संचालक को प्रतिमाह लगभग एक से सवा लाख रुपये की शुद्ध आय हो रही है।

कलेक्टर ने ग्राम चुरनी चौगान में निस्तारी तालाब का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि तालाब के पानी का उपयोग सिंचाई और मवेशियों के पीने के लिए किया जा रहा है।
इसके बाद भरदागढ़ पंचायत परिसर में आयोजित जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों के आवेदन सुने गए। इनमें भूमि सीमांकन, जल जीवन मिशन, अवैध कब्जा, ट्रांसफार्मर, नल कनेक्शन, पाइपलाइन विस्तार और सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों की जांच कर समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की सुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत कोहनिया रैयत में वर्ष 2017 में स्वीकृत चबूतरा निर्माण नहीं होने और राशि के उपयोग की शिकायत पर कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत बाकोड़ी के सचिव के मुख्यालय पर नहीं रहने और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही की शिकायत पर कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा दो दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की व्यवस्था की होगी समीक्षा

ग्रामीणों द्वारा नल कनेक्शन होने के बावजूद नियमित पानी नहीं मिलने की समस्या उठाए जाने पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को जुन्नारदेव विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों की पंचायतवार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें पानी की टंकियों की संख्या, चालू टंकियों और पेयजल व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का विवरण शामिल करने को कहा गया, ताकि समस्याओं का समाधान किया जा सके।

इस दौरान पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती, जनपद पंचायत अध्यक्ष, एसडीएम राजनंदिनी सिंह ठाकुर, एसडीओपी सोनम पटेल, जनपद पंचायत सीईओ रश्मि चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने