दो साल में मध्यप्रदेश को बनाएंगे देश की मिल्क कैपिटल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
श्वेत क्रांति 2.0 के तहत दुग्ध संकलन क्षमता 12 लाख से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन करने का लक्ष्य
भोपाल में बनेगा उन्नत नस्ल की गायों का भ्रूण उत्पादन केंद्र, प्रतिवर्ष तैयार होंगे एक लाख भ्रूण
प्रदेश की 3 हजार से अधिक गौशालाओं को 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित, 466 उत्कृष्ट पशुपालकों को भी मिला पुरस्कार
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश को अगले दो वर्षों में देश की मिल्क कैपिटल बनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश में श्वेत क्रांति 2.0 के माध्यम से डेयरी सहकारिता को मजबूत किया जा रहा है। दुग्ध संकलन क्षमता को वर्तमान 12 लाख किलोग्राम से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गौसेवा के साथ पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि भी सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें प्रकृति संरक्षण, गौवंश की सेवा और सामूहिक सहयोग की प्रेरणा देती है। सरकार समाज से अलग नहीं है, इसलिए सामाजिक आयोजनों में भी सरकार बढ़-चढ़कर भागीदारी करेगी।
भोपाल में बनेगा उन्नत नस्ल की गायों का भ्रूण उत्पादन केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात की तर्ज पर मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए भोपाल में उन्नत नस्ल की गायों का भ्रूण उत्पादन केंद्र स्थापित करने की मंजूरी दी है। इस केंद्र में प्रतिवर्ष एक लाख भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इससे प्रदेश में गिर और साहीवाल जैसी उन्नत नस्लों के पशुपालन तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि भोपाल के बरखेड़ी डोब में 10 हजार गोवंश की क्षमता वाली हाईटेक गौशाला का निर्माण भी किया जा रहा है। प्रदेश में गौ-एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने के साथ आधुनिक एवं आत्मनिर्भर गौशालाओं का विकास किया जाएगा।
गौशालाओं को 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में निवासरत 5 लाख 51 हजार से अधिक गोवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये की अनुदान राशि अंतरित की। उन्होंने बताया कि गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के बेहतर पोषण के लिए प्रति गाय मिलने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है।
466 पशुपालकों के खातों में पहुंचे 2.95 करोड़ रुपये
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत प्रदेश के 466 उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये प्रदान किए गए। इसके तहत कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपये की पुरस्कार राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित की गई।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों को प्रशस्ति पत्र और 56 भोग की थाल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में गौरव रघुवंशी, ज्ञानेश्वर पटेल, सुनील सिंह पंवार, कुशल सिंह दांगी, नर्मदा प्रसाद पटेल, विक्रम सिंह मीणा, रामबाबू, छतरसिंह धाकड़, राजेश पाटीदार, मुकेश वर्मा, मोहनलाल प्रसाद, हरगोविंद पटेल एवं संतोष कुमार शामिल रहे।
इसके अलावा लंबे समय से गौसेवा में जुटे प्रेमीचंद्र जैन, सूरज परमार, ब्रिजेश व्यास एवं प्रहलाद दास मंगल को भी सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि उज्जैन जिले के ग्राम तालोद के पशुपालक गौरव रघुवंशी की गिर गाय ने प्रतिदिन 19.760 लीटर दूध उत्पादन के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
पशुपालन को मिलेगा प्रोत्साहन, किसानों को मिलेगी आर्थिक मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौपालन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है। गाय के दूध के साथ गोबर से तैयार खाद जैविक एवं प्राकृतिक खेती को समृद्ध बनाती है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 25 दुधारू गाय या भैंस की इकाई स्थापित करने पर 42 लाख रुपये तक की ऋण सहायता और 13 लाख 86 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। डेयरी क्षेत्र में पारदर्शिता और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए पूरी डेयरी वैल्यू चेन को डिजिटल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में बड़े पशु मेले भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें उन्नत नस्ल के गोवंश और आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे पशुपालकों को बेहतर पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन की जानकारी मिल सकेगी।
313 विकासखंडों में विकसित होंगे वृंदावन ग्राम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में वृंदावन ग्राम विकसित किए जा रहे हैं, जहां पशुपालन को प्रोत्साहित किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में गीता भवन बनाए जा रहे हैं और प्रतिवर्ष गीता जयंती भी मनाई जा रही है। उन्होंने ओरछा में लगभग 400 करोड़ रुपये तथा चित्रकूट में 2 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में खेल एवं युवक कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रवीन्द्र भवन परिसर में स्थापित भगवान गोवर्धन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, परिक्रमा एवं आरती की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री निवास में भी हुआ गौपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास स्थित गौशाला में गोवंश का पूजन किया। इसके साथ ही निवास परिसर में बनाए गए भगवान गोवर्धन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिक्रमा की और प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर गौशाला को फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था।


एक टिप्पणी भेजें