कलेक्टर श्री सुमन की अध्यक्षता में नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी की विद्यालय प्रबंधन कार्यकारिणी की बैठक संपन्न


कलेक्टर  सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में आज नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी की विद्यालय प्रबंधन कार्यकारिणी की बैठक संपन्न हुई । बैठक में तहसीलदार सुश्री छवि पंत, नायब तहसीलदार  सौरभ मरावी, सहायक संचालक शिक्षा  आई.एम.भीमनवार, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, प्राचार्या  व्ही.एस.जोशी व विद्यालय स्टाफ और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे । बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने विद्यालय में पानी के रख-रखाव, रूफ टॉप वाटर और जल संचयन प्रणाली की व्यवस्था करवाने के निर्देश पी.एच.ई.विभाग के अधिकारी को दिये तथा सीपेज के लिये 2 करोड़ रूपये के बजट की अनुमति के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने की अनुशंसा की । उन्होंने विद्यालय के आर.ओ.सिस्टम को तत्काल ठीक कराने, नियमित रूप से रख-रखाव करने व हर 3 माह में आर.ओ. की मरम्मत कराने के निर्देश दिये जिससे विद्यार्थियों को नियमित रूप से शुध्द पेयजल मिल सके । उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को विद्यालय में मेडिकल कैम्प आयोजित कर विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिये । उन्होंने विद्यालय में स्मार्ट कक्षा के लिये कक्ष बनाने और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिेये कि विद्यालय के किसी भी कमरे में बैटरी, बैकअप या इनवर्टर आदि नहीं रखें और इसकी व्यवस्था बाहर करें । उन्होंने विद्यालय के संबंध में शिकायतें प्राप्त होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये निर्देश दिये कि विद्यालय के सभी अधिकारी कर्मचारी अपने ज्ञान को अप टू डेट रखें और अपने विवेक व बुध्दि से विद्यालय की समस्याओं को सुलझायें । उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में भी यह जिज्ञासा पैदा करें कि वे अपनी समस्याओं को किस प्रकार सुलझा सकते हैं ।
बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने विद्यालय में सभाकक्ष के निर्माण के प्रस्ताव पर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजकर अनुमति प्राप्त करने के बाद ही सभाकक्ष का निर्माण करने के निर्देश दिये । उन्होंने विद्यालय परिसर में फायर सेफ्टी के लिये आवश्यक उपकरण व सामग्री की व्यवस्था रखने के निेर्देश दिये जिससे यदि कोई घटना हो तो तत्काल उसे ठीक किया जा सके । उन्होंने विद्यालय के पहुंचमार्ग पर लगभग 2.50 लाख रूपये की लागत से स्ट्रीट लाईट लगाने की अनुमति प्रदान की और मार्ग में लगाई जा रही आबकारी की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिये कहा जिससे शरारती तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके । उन्होंने म.प्र.पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारी को नये ट्रांसफार्मर का स्टीमेट अतिशीघ्र उपलब्ध कराने और आगजनी की घटना की जांच कराने के निर्देश दिेये । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय के प्रवेश द्वार से राजीव गांधी तक रोड निर्माण का कार्य कराने और कम्प्यूटर के लिये बी.एस.एन.एल.की लाईन को ठीक कराने के निर्देश दिये । उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को कंटनजेंसी राशि का उपयोग उन्हीं कार्यो में करने और जिसे मद में राशि आती है, उसी मद पर कार्य के लिये राशि व्यय करने तथा विद्यालय प्रशासन फंड का समायोजन करने के निर्देश भी दिये । बैठक के प्रारंभ में प्राचार्या  जोशी द्वारा विद्यालय की उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी गई । उन्होंने बताया कि विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को कोविड-19 की वैक्सीन लगा दी गई हैं जिससे उनका स्वास्थ्य ठीक रहे । बैठक में विद्यालय की अन्य समस्यायें और प्रस्ताव भी प्रस्तुत किये गये । लौह पुरूष  पटेल की जीवनी पर आधारित पुस्तकालय का शुभारंभ-कलेक्टर श्री सुमन ने बैठक के पूर्व राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जीवनी पर केन्द्रित पुस्तकों के पुस्तकालय का फीता काटकर शुभारंभ किया । उन्होंने विद्यालय परिसर के साथ ही मेस की साफ-सफाई, भोजन सामग्री व भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ