कलेक्टर श्री सुमन ने छिन्दवाड़ा में किया हाथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का शुभारंभ

हाथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी रहेगी 22 अक्टूबर तक

कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन द्वारा आज टाऊन हाल छिन्दवाड़ा में मुख्य अतिथि के रूप में 5 दिवसीय हाथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का फीता काटकर और दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया गया । इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेन्द्र नारायण विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे । हाथकरघा संचालनालय कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग भोपाल, जिला पंचायत छिन्दवाडा और जिला हाथकरघा कार्यालय सौंसर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित यह प्रदर्शनी आगामी 22 अक्टूबर तक आम जनता के लिये खुली रहेगी । इस हाथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी में चंदेरी सिल्क, महेश्वरी सिल्क साडी, सौंसर सिल्क और ड्रेस मटेरियल्स, वारासिवनी की साडी, पड़ाना व हरपालपुर (छतरपुर) के फर्निशिंग क्लाथ, जबलपुर के मारबल व काष्ठशिल्प, ग्वालियर का एम्बायडरी पेच वर्क शिल्प, छिन्दवाड़ा का मैकरम शिल्प, गोबर के दीपक, मूर्तियां व माटी शिल्प का विक्रय किया जायेगा। जिले के जागरूक नागरिकों से इस प्रदर्शनी में पधारकर प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आये बुनकर और हस्तशिल्पियों का उत्साहवर्धन कर हाथकरघा व हस्तशिल्प की कलाओं को संरक्षित कराने में सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है ।
जिला हाथकरघा कार्यालय सौंसर के सहायक संचालक श्री संजय श्रीवास्तव ने बताया कि कलेक्टर श्री सुमन द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नारायण के साथ हाथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ करने के बाद प्रदर्शन सह विक्रय के लिये स्टाल से सुसज्जित इस प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया । प्रारंभ में सहायक संचालक हाथकरघा श्री श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथि और विशेष अतिथि का सूत की माला पहनाकर स्वागत किया गया । उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में जहां चंदेरी, महेश्वर, सौंसर, वारासिवनी, पड़ाना और हरपालपुर (छतरपुर) के बुनकर शिल्पी सहभागिता कर रहे है, वहीं ग्वालियर, जबलपुर, भोपाल और छिन्दवाड़ा के हस्तशिल्पियों व माटी शिल्पियों ने स्वयं आकर उनके द्वारा उत्पादित सामग्री का प्रदर्शन किया है तथा वे  अपने उत्पादों का विक्रय भी करेंगे। मेले में मृगनयनी एम्पोरियम द्वारा सेल काउन्टर लगाया गया है जिसमें प्रदेश के सभी हाथकरघा कल्स्टरों का नवीन स्टॉक विक्रय के लिये उपलब्ध है । कार्यक्रम में जिला हाथकरघा कार्यालय सौंसर के ग्रामोद्योग विस्तार अधिकारी श्री रमेश हेड़ाऊ, मृगनयनी एम्पोरियम के श्री के.के.टांडेकर, राज्य स्तरीय पुरूस्कार प्राप्त बुनकर श्री गौरीशंकर हेड़ाऊ, अन्य प्रतिभागी बुनकर और शिल्पी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ