छिंदवाड़ा । मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत जिला जेल छिंदवाड़ा में प्रत्येक शुक्रवार को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। यह अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है।
जनसुनवाई में जेल में परिरुद्ध बंदियों से मिलने आने वाले आगंतुकों, उनके परिजनों, अधिवक्ताओं तथा सर्वसाधारण की जिला जेल छिंदवाड़ा प्रशासन से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों का प्रभावी एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना है।
दोपहर 12:30 से 1 बजे तक होगी जनसुनवाई
जिला जेल अधीक्षक अथवा प्रभारी अधिकारी की अध्यक्षता में प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे से 1 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। आवश्यकतानुसार जनसुनवाई की अवधि में परिवर्तन किया जा सकता है।
जनसुनवाई के दौरान विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के अंतर्गत लंबित प्रकरणों, शिकायतों और अन्य समस्याओं की समीक्षा की जाएगी। संबंधित व्यक्ति की उपस्थिति में समस्याओं एवं शिकायतों का प्रत्यक्ष, तात्कालिक और प्रभावी निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जमा होंगे आवेदन
जनसुनवाई में शामिल होने के लिए इच्छुक व्यक्ति प्रत्येक शुक्रवार को जेल गेट पर उपस्थित होकर निर्धारित प्रपत्र प्राप्त कर सकेंगे। आवश्यक जानकारी भरने के बाद आवेदन पत्र जेल कार्यालय में जमा करना होगा।
आवेदन जमा करने का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। दोपहर 12 बजे के बाद प्रस्तुत किए गए आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
पूरी प्रक्रिया रहेगी निःशुल्क
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई की यह प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रहेगी। इसके लिए किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की कोई राशि का भुगतान नहीं करना होगा।
यदि शुक्रवार को शासकीय अवकाश रहेगा, तो जनसुनवाई आगामी कार्यदिवस में आयोजित की जाएगी। इसकी सूचना पृथक रूप से सूचना-पटल पर प्रदर्शित की जाएगी।
