Top News

वडनगर से वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा पहुंची छिंदवाड़ा मुख्यालयमेडिकल कॉलेज में सिकल सेल मरीजों से संवाद एवं पोषण आहार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए सेवा यात्रीसांसद विवेक बंटी साहू ने कार्यक्रम का शुभारंभ कर सेवा यात्रियों का किया स्वागत

वडनगर से वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा पहुंची छिंदवाड़ा मुख्यालय

मेडिकल कॉलेज में सिकल सेल मरीजों से संवाद एवं पोषण आहार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए सेवा यात्री

सांसद विवेक बंटी साहू ने कार्यक्रम का शुभारंभ कर सेवा यात्रियों का किया स्वागत

छिन्दवाड़ा। जिले में सेवा संकल्प यात्रा के दूसरे दिन पोआमा में दिव्यांगजनों के सम्मान के बाद यात्रा परासिया नाका और खजरी चौक होते हुए मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा पहुंची। यहां सेवा यात्री सिकल सेल मरीजों से संवाद एवं पोषण आहार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मेडिकल कॉलेज में सिकल सेल मरीजों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य विभाग, होम्योपैथी वेलफेयर एसोसिएशन एवं आयुष विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मरीजों की स्क्रीनिंग एवं जांच की गई तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प यात्रा के सेवा यात्रियों ने सिकल सेल मरीजों से संवाद किया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से सिकल सेल मरीजों को पोषण किट का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते समय स्वयं को देश का प्रधान सेवक बताया था और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को सिकल सेल से मुक्त रखने के उद्देश्य से भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं और मेडिकल शिक्षा में सीटों की संख्या बढ़ाई गई है।

सांसद श्री साहू ने कहा कि छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज से प्रतिवर्ष 150 विद्यार्थी डॉक्टर बनकर निकल रहे हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों के लिए पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के सेवा कार्यों के प्रति जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने जिले में पहुंचे सभी सेवा यात्रियों का स्वागत करते हुए उनके द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।

यात्रा के जिला प्रभारी श्री कमलेश उईके ने बताया कि वडनगर से प्रारंभ हुई सेवा संकल्प यात्रा जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के रामपुर के रास्ते छिंदवाड़ा जिले में पहुंची है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प एवं विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जुड़ने का संदेश दिया जा रहा है। सेवा यात्री देश के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरते हुए स्थानीय लोगों से संवाद कर रहे हैं तथा विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागिता कर रहे हैं।

वडनगर से आए सेवा यात्री श्री रोहित ने यात्रा के उद्देश्य की जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश एवं छिंदवाड़ा जिले में मिले स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में यात्रा का यह नौवां दिन है। यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों के गांवों में पहुंचकर हितग्राहियों से संवाद, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागिता की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विभिन्न राज्यों और वहां के लोगों को आपस में जोड़ने का भी माध्यम बन रही है।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल पटेल, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अभय कुमार सिन्हा, सीएमएचओ डॉ. अर्चना कैथवास सहित मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य विभाग, आयुष एवं होम्योपैथी एसोसिएशन की टीम मौजूद रही। इसके अलावा पूर्व विधायक श्री नत्थन शाह कवरेती, श्री घनश्याम, श्री योगेंद्र राणा, श्री रिजवान खान, श्री शैलेंद्र रघुवंशी, श्री शैलेन्द्र पटेल, श्री विक्की मंडराह, श्री अंकुर शुक्ला, श्री विजय पांडे, श्री अल्केश लांबा, डॉ. कृष्णा हरजानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सेवा यात्रा के बाइकर्स श्री विपिन एवं श्री दर्शन पटेल तथा सभी 25 सेवा यात्री उपस्थित रहे।

मेडिकल कॉलेज से रवाना होकर सेवा संकल्प यात्रा अमित ठेंगे चौक, रेलवे स्टेशन, नरसिंहपुर नाका, खापाभाट चौक एवं सारना सिंगोड़ी होते हुए अमरवाड़ा पहुंची। यहां सेवा यात्रियों ने सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम में सहभागिता की और रात्रि विश्राम किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सेवा यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया।

रविवार को सेवा संकल्प यात्रा विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागिता करते हुए अमरवाड़ा से चौरई के रास्ते सिवनी के लिए रवाना होगी।

Post a Comment

और नया पुराने