Top News

आदिवासी अंचलों की प्रतिभाएं सफलता के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रही : बंटी विवेक साहूपांढुर्णा जिले के नरसला, जामलापानी एवं छिंदवाड़ा के परतला बर्राढाना में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों में शामिल हुए सांसदजामलापानी स्कूल में बच्चों से संवाद कर पाठ्यक्रम पर की चर्चा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का किया सम्मानसेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी परिसर में किया पौधारोपण

आदिवासी अंचलों की प्रतिभाएं सफलता के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रही : बंटी विवेक साहू

पांढुर्णा जिले के नरसला, जामलापानी एवं छिंदवाड़ा के परतला बर्राढाना में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों में शामिल हुए सांसद

जामलापानी स्कूल में बच्चों से संवाद कर पाठ्यक्रम पर की चर्चा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का किया सम्मान

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी परिसर में किया पौधारोपण

छिंदवाड़ा। गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा अब केवल महानगरों तक सीमित नहीं है। दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों में भी प्रतिभावान बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में सफलता के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। यह बात सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने पांढुर्णा जिले के नरसला, जामलापानी एवं छिंदवाड़ा शहर के परतला बर्राढाना में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों के दौरान कही।

सांसद श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र तथा प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि देश का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त करे।

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत सांसद श्री साहू ने नरसला, जामलापानी एवं परतला बर्राढाना स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने नन्हें बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें टॉफियां एवं मिष्ठान वितरित किए। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान भी किया गया। सांसद ने बच्चों से कविताएं सुनीं और उनके साथ समय बिताकर उनका उत्साहवर्धन किया।

जामलापानी में आंगनवाड़ी परिसर के समीप स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पहुंचकर सांसद श्री साहू ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके पाठ्यक्रम को लेकर चर्चा की। बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ विभिन्न विषयों से संबंधित जानकारी साझा की। विद्यार्थियों की हिंदी एवं अंग्रेजी की सुंदर हस्तलिपि देखकर सांसद ने उनकी सराहना की और उन्हें आगे भी मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सांसद श्री साहू ने कहा कि दूरस्थ अंचलों के बच्चों में शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि और आत्मविश्वास सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि संसाधनों की उपलब्धता और बेहतर अवसर मिलने से ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की प्रतिभाएं भी अपनी पहचान बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि हर बच्चे को अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

छिंदवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम को भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती ललिता वर्मा ने भी संबोधित किया। सांसद श्री साहू ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी भवन के समीप पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांता ठाकुर, मंडल अध्यक्ष कृष्णा सरेयाम, श्रीमती लीला बजोलिया, भाजपा के वरिष्ठ नेता उज्जवल सिंह चौहान, मदन साहू, रिजवान कुरैशी, विश्वेंद्र बैस, पप्पू ठाकुर, टीकाराम कोराची, जनक गुवाड़े, शेषराव गोयते, खेमराज तितरे, रिकब बपना, सीताराम कोरडे सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती उषा पन्द्रे, एडीएम श्रीमती ज्योति ठाकुर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, पालक एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने