खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम 27 और 28 अक्टूबर को
छिंदवाड़ा के द करण होटल में होगा आयोजन, स्थानीय उद्यमियों को तकनीक, निर्यात और बाजार विस्तार की मिलेगी जानकारी
छिंदवाड़ा।। जिले में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े उद्योगों एवं उद्यमियों को नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रैम्प योजना के अंतर्गत दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन 27 एवं 28 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। यह कार्यक्रम छिंदवाड़ा स्थित द करण होटल में आयोजित होगा। कार्यक्रम का संचालन फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) द्वारा किया जाएगा।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को व्यवसाय के नए अवसर उपलब्ध कराना, बाजार तक उनकी पहुंच बढ़ाना तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उनकी व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।
नई तकनीक और निर्यात के अवसरों पर मिलेगा मार्गदर्शन
कार्यक्रम में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़ी बड़ी कंपनियों की सहभागिता रहेगी। इस दौरान स्थानीय खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को नवीन तकनीक, निर्यात संबंधी जानकारी, उत्पादों के उन्नयन तथा बाजार विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस पहल से स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर बनाने, व्यावसायिक संभावनाओं को समझने और बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
उद्यमियों से सहभागिता की अपील
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने छिंदवाड़ा जिले के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े सभी उद्योगपतियों एवं उद्यमियों से वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, छिंदवाड़ा में संपर्क किया जा सकता है।
सच की आंखें न्यूज़

एक टिप्पणी भेजें