Top News

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस की पत्रकार वार्ता

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस की पत्रकार वार्ता


मतदाता सूची में 34.25 लाख नाम हटने का दावा, 1 नवंबर को दिल्ली में होगी कांग्रेस की महारैली

पन्ना।। कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला स्तर पर पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में पन्ना जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के आंकड़ों और उससे जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महासचिव वीरेंद्र द्विवेदी, जिला प्रभारी राजभान सिंह और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनीश खान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में पार्टी की विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर से कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है।

मतदाता सूची के आंकड़ों पर उठाए सवाल

पत्रकार वार्ता के दौरान जिला प्रभारी राजभान सिंह ने मध्य प्रदेश की मतदाता सूची के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रदेश में पहले 5 करोड़ 74 लाख 6 हजार 143 मतदाता पंजीकृत थे। उनके अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 5 करोड़ 31 लाख 31 हजार 983 रह गई, जबकि अंतिम मतदाता सूची में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाता दर्ज किए गए।

उन्होंने दावा किया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 34 लाख 25 हजार 78 मतदाताओं के नाम हटाए गए। कांग्रेस ने मतदाता सूची में हुए इन बदलावों पर चिंता जताते हुए पारदर्शिता और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाने की मांग की।

नाम जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रियता की अपील

कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची की जांच करने और जिन पात्र मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उनके नाम जुड़वाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों में सुधार कराने और नाम हटाए जाने से संबंधित शिकायतों को निर्वाचन अधिकारियों तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कांग्रेस पदाधिकारी रहे उपस्थित

पत्रकार वार्ता में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमा बुंदेला, संगठन महासचिव राज बहादुर पटेल, मार्तंड देव बुंदेला, जीवन लाल सिद्धार्थ, दीपक तिवारी, मनीष मिश्रा, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, सुरेंद्र सिंह और डॉ. कदीर खान सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा के लिए अभियान चलाने की बात कही।

Post a Comment

और नया पुराने