जल, जंगल और जमीन पर अधिकारों को लेकर इमलीखेड़ा गोटूल में कार्यशाला आयोजित
ग्रामसभा में पूर्ण कोरम के साथ प्रस्ताव पारित करना जरूरी – पेसा जिला समन्वयक कमलेश टेकाम
छिंदवाड़ा।। इमलीखेड़ा गोटूल, छिंदवाड़ा में 26 अक्टूबर को वनाधिकार मान्यता कानून, 2006, पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम (पेसा), 1996 तथा मध्यप्रदेश पेसा नियम, 2022 के अंतर्गत जल, जंगल, जमीन और ग्रामसभा के अधिकारों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य आदिवासी समुदायों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देना और ग्रामसभा की शक्तियों एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला में मंडला से आए मुख्य प्रशिक्षक कमल किशोर आर्मो, छत्तीसगढ़ से संदीप सलाम तथा छिंदवाड़ा जिले के पेसा जिला समन्वयक कमलेश टेकाम ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान वनाधिकार कानून एवं पेसा अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।
वनाधिकार और ग्रामसभा की शक्तियों पर हुई चर्चा
प्रशिक्षण के दौरान व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वनाधिकार दावों की प्रक्रिया, सामुदायिक वन संसाधनों पर अधिकार, वन प्रबंधन में ग्रामसभा की भूमिका, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा पेसा कानून के अंतर्गत ग्रामसभा की शक्तियों एवं जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। साथ ही ग्रामसभा की निर्णय प्रक्रिया और कानूनी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को भी समझाया गया।
पूर्ण कोरम के साथ प्रस्ताव पारित करना जरूरी
पेसा जिला समन्वयक कमलेश टेकाम ने कहा कि अधिकारों को प्राप्त करने और ग्रामसभा के निर्णयों को प्रभावी बनाने के लिए नियमानुसार पूर्ण कोरम के साथ प्रस्ताव पारित करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामसभाओं को सशक्त बनाने, कानूनी प्रावधानों की व्यावहारिक समझ विकसित करने तथा वनाधिकार एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, ग्रामसभा के निर्णयों को प्रभावी बनाने और सामूहिक पहल को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया।
गोटूल ट्राइबल वेलफेयर सोसाइटी ने किया आयोजन
इस एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन गोटूल ट्राइबल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में शुभम उइके एवं उनकी पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सच की आंखें न्यूज़

एक टिप्पणी भेजें